मैनपुरी(सुवि) जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्याे की मासिक समीक्षा के दौरान स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, परिवहन, आबकारी, विद्युत, अलोह खनन, विधिक माप, वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभी से मासिक वसूली के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति करना सुनिश्चित करें, प्रत्येक विभाग को निर्धारित राजस्व प्राप्ति के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करनी है। उन्होंने कहा कि गत् वित्तीय वर्ष में वाणिज्य कर, आबकारी, परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं की गई है, संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें की चालू वित्तीय वर्ष में प्रत्येक दशा में राजस्व प्राप्ति के लक्ष्यों की पूर्ति की जानी है। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि जनपद में अवैध परिवहन, ओवरलोड वाहनों का संचालन किसी दशा में न हो, अगले 15 दिन विशेष अभियान चलाया जाए, जिसमें वाणिज्य कर, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित थाने के थानाध्यक्ष, परिवहन, खनन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से प्रवर्तन का कार्य करें। उन्होने ए.आर.टी.ओ. से कहा कि ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट एवं अवैध रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए, इस प्रकार के वाहन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं, इसलिए इनके विरुद्ध नियमित जांच, अभियान चलाया जाए साथ ही प्रतिदिन की गई कार्यवाही से अवगत भी करायंे।

श्री त्रिपाठी ने बैठक में उपस्थित विद्युत विभाग के तीनों खंडों के अधिशासी अभियंताओं से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में विद्युत की आपूर्ति सुचारू रखें, भीषण गर्मी में आमजन को रोस्टर के अनुसार निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, खराब ट्रांसफार्मर निर्धारित समय-सीमा में प्रत्येक दशा में बदले जाएं, किसी भी उपभोक्ता को विभाग की कार्यशैली के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े, अगले 03 माह के लिए तीनों खंडों में कंट्रोल रूम की स्थापना कर आमजन को कंट्रोल रूम के नंबर की जानकारी दी जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर दूरभाष के माध्यम से उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज कर सकें, प्राप्त शिकायतों पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे फीडर जहां लाइन-लॉस अधिक है, को चिन्हित कर उन क्षेत्रों में प्रवर्तन की प्रभावी कार्यवाही की जाए, विद्युत चोरी करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही हो साथ ही ऐसे उपभोक्ता जो नियमित रूप से बिल अदा कर रहे हैं उन्हें किसी प्रकार की असुविधा भी न हो, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा की अग्रिम आदेशों तक स्मार्ट मीटर की स्थापना नहीं होनी है, इसलिए सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी नए स्मार्ट मीटर न लगाये जाएं, जानकारी करने पर बताया कि जनपद के तीनों खंडों में अब तक 01 लाख 48 हजार स्मार्ट मीटर स्थापित किये जा चुके हैं, जिस पर उन्होंने अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के प्रत्येक फीडर पर कैंप लगाकर स्मार्ट मीटर में आ रही समस्याओं का निदान करें। उन्होंने अधिशासी अधिकारी स्थानीय निकाय को निर्देशित करते हुए कहा कि वसूली के साथ आमजन को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करायें, गर्मी के मौसम में साफ-सफाई, नियमित कूड़ा उठान के साथ नालियों की बेहतर ढंग से सफाई कराई जाए, नियमित रूप से एंटी लारवा का छिड़काव हो, जलापूर्ति की बेहतर व्यवस्था रहे, स्ट्रीट लाइट चालू दशा में रहें।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों से कहा कि आगामी वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत नगर क्षेत्र की सीमा के 10 किलोमीटर की परिधि में नगर वन विकसित किए जाने हैं, इसलिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नगर की सीमा के 10 किलोमीटर की परिधि में नगर वन हेतु भूमि चिन्हित कर इसकी सूचना प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी को उपलब्ध करायें ताकि वन विभाग नगर क्षेत्र में नगर वन को विकसित कर सके, नगर वन में उत्तम क्वालिटी के पौधों के साथ वाकिंग ट्रेक, पाथ-वे सहित अन्य मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने उप जिलाधिकारियों से कहा कि अपने-अपने तहसील क्षेत्रातर्गत 01 से 02 हेक्टेयर के बड़े पैच की भूमि का चिन्ह्यांकन उसकी सूची वन विभाग को उपलब्ध करायें, जनपद में उपलब्ध भूदान भूमि का सत्यापन कर उसकी सूची तैयार की जाए, भूदान की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर वृक्षारोपण हेतु प्रस्तावित किया जाए ताकि वृक्षारोपण अभियान के तहत वन विभाग बड़े स्तर पर चिह्नित भूमि पर वृक्षारोपण कर सके। उन्होंने कहा कि चारागाह की भूमि का भी चिन्हांकन किया जाये, चिन्हित चारागाह की भूमि में संरक्षित गोवंशों के लिए नेपियर घास की बुवाई कराई जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चंद्र, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, कुरावली, घिरोर अभिषेक कुमार, नीरज कुमार द्विवेदी, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, शिव नरेश, प्रसून कश्यप, डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला, संध्या शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश, प्रशासनिक अधिकारी हरेंद्र कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सौरभ पांडेय के अलावा कलेक्ट्रेट अनुभाग के विभिन्न अनुभाग प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here