मैनपुरी 25 जून, 2022- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के एकत्रीकरण, पुनर्चक्रण तथा उसके संबंध में लगाए गए प्रतिबन्ध को प्रभावी तरीके से लागू कराए जाने के उद्देश्य से अधिशासी अधिकारियों, अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में सफाई नायकों, सफाई निरीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि 29 जून से 03 जुलाई के मध्य आयोजित होने वाले वृहद जन-जागरूकता अभियान मे जन-सामान्य को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थल, बस स्टेण्ड, मुख्य बाजार, मंडी, रेलवे स्टेशन, कार्यालय परिसर, शैक्षणिक संस्थानों के परिसरों, खाली पड़ी भूमि, घाट एवं नदी-नालों के किनारे इत्यादि स्थलों पर व्यापक जन-सहयोग एवं राजकीय संसाधनों की सहायता से प्लास्टिक अपशिष्ट को एकत्र करते हुए उसे ब्रांड ऑनर्स एवं रीसाइक्लर्स के माध्यम से निस्तारित कराया जाए। उन्होने कहा कि स्थलीय एवं जलीय इको सिस्टम पर विखरे हुये प्लास्टिक के कचरे के प्रभावी प्रतिकूल प्रभावों के दृष्टिगत एकल उपयोग वाले प्लास्टिक को चरणबद्ध तरीके से समाप्त किये जाने के उद्देश्य से पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबन्धन संशोधन नियम के तहत कचरे के रूप में विखरने की अधिक क्षमता रखने वाली एकल उपयोग की प्लास्टिक वस्तुओं को प्रतिबन्धित किया है इसके साथ ही विशेष अभियान के अन्तर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक के एकत्रीकरण, पुनर्चक्रण तथा उसके सम्बन्ध में लगाये गये प्रतिबन्ध को प्रभावी तरीके से लागू किये जाने के साथ वृहद जन-जागरूकता अभियान आयोजित कराये जायें।
श्री सिंह ने कहा कि उक्त अभियान हेतु शासन स्तर से नगर निकाय को नोडल संस्था बनाया गया है, अभियान ’’रेस’’ कार्यक्रम की प्रतिदिन की रूपरेखा शासन स्तर से तैयार की गयी है, जिसके अन्तर्गत नगर निकायों द्वारा सफाईकर्मियों, एनसीसी कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउड गाइड, युवक मंगल दल, नागरिक संगठनों, स्वयं सेवी संस्थाओं, युवाओं, स्कूल-कॉलेजों तथा जन-सामान्य आदि का सहयोग प्राप्त किया जाये। उन्होने अधिशाषी अधिकारियों को आदेशित करते हुये कहा कि प्रतिदिन कार्ययोजना के तहत कार्य करें, एकल यूज प्लास्टिक को प्रतिदिन एकत्र कर उसका नियमानुसार निस्तारण करायें, कृत कार्यवाही के फोटोग्राफ्स प्रतिदिन सभी नगर निकाय से उपलब्ध कराये जायें।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सफाई नायकों, सफाई निरीक्षकों के साथ-साथ अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय को निर्देशित करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था दुरूस्त रहे, सफाई कर्मियों के साथ-साथ सफाई नायक, सफाई निरीक्षक प्रातः 05 बजे से 09 बजे तक सड़क पर रहकर अपनी देख-रेख में सफाई कराएं, अधिशाषी अधिकारी सफाई कार्य का नियमित निरीक्षण करें, बरसात से पूर्व सभी नालों की प्रत्येक दशा में सफाई का कार्य पूर्ण कराया जाये, सड़क के किनारे कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई न दें, कूड़ा उठान का उचित प्रबंध किया जाए। उन्होंने समस्त अधिशाषी अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि 03 जुलाई को आयोजित होने वाले ईको मेले में प्रत्येक नगर पंचायत, नगर पालिका से अनुपयोगी सामान से कम से कम 02-02 उपयोगी चीज़े बनाकर प्रदर्शित करायी जायें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पी.पी. सिंह, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, समस्त अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।