मैनपुरी: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जन-समस्याएं सुनने के दौरान असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जांे की शिकायतें निरंतर प्राप्त हो रही हैं, सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए, कमजोर वर्ग के लोगों की भूमि पर कोई दबंग काबिज न हो, जिनके द्वारा गरीब, कमजोर वर्ग के व्यक्तियों का शोषण किया जाए उनके विरुद्ध 151 में पाबंदी की कार्यवाही की जाए, धारा-67 के आदेश के बाद बेदखली की कार्यवाही मे किसी भी स्तर पर विलंब न हो। उन्होने कहा कि लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजनाओं में भी मानकों का ध्यान रख पात्रों को लाभान्वित कराया जाए, किसी भी योजना में कोई अपात्र व्यक्ति लाभान्वित न हो सुनिश्चित किया जाए, जनहित को सर्वोपरि रख कार्य किए जाएं, आमजन को आवागमन में असुविधा न हो, विद्युत-जलापूर्ति सहित अन्य मूल-भूत सुविधाएं आम व्यक्ति तक आसानी से पहुंचे, किसी भी व्यक्ति को किसी भी अधिकारी, कर्मचारी की कार्यशैली के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े, आमजन की शिकायतों का भी त्वरित गुणवत्ता पूर्ण निराकरण किया जाए, किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़े। उन्होने कहा कि जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर संबंधित अधिकारी, उप जिलाधिकारी के माध्यम से आख्या प्रस्तुत करें, आमजन की शिकायतों का समयबद्व, गुणवत्तापरक निराकरण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है, प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जा रही है इसलिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान जन-शिकायतों का निदान करें।
जन-सुनवाई के दौरान ग्राम त्रिलोकपुर नि. मीना देवी ने पुस्तैनी जमीन पर दबंगों द्वारा अनाधिकृत कब्जा किये जाने, ग्राम इलाबांश नि. ईश्वरदयाल शाक्य, शिवराज सिंह, धर्मेन्द्र शाक्य, रघुराज सिंह, पुष्पेन्द्र शाक्य ने पैमाइशसुदा रकवा में विपक्षी लोगों द्वारा दखलन्दाजी करने एवं प्रार्थी को हस्तक्षेप करने से रोके जाने, ग्राम नगला धना नि. रामब्रेश ने दबंग विपक्षी द्वारा जान से मारने की धमकी दिये जाने, नगला गड़ू नि. राहुल ने तालाब पर किये गये अवैध कब्जे को खाली कराये जाने, मु. घरनाजपुर नि. सर्वेश कुमार ने वाद की पत्रावली को अग्रेसित करनें, ग्राम नगला जमुनियां नि. मुकेश ने मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाये जाने, ग्राम लालपुर सगौनी नि. अजब सिंह ने गाटा संख्या-867 पर दबंगों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को खाली कराये जाने, मौजा मनिगांव नि. वीरेन्द्र सिंह ने गाटा संख्या 2092 पर दबंगों द्वारा अनाधिकृत कब्जे को खाली कराये जाने की मांग अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, उदय चौहान, अर्जुन चौहान के अलावा उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।



