मैनपुरी: कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की संयुक्त इकाइयों के तत्वावधान में आज 23मार्च को “नशा मुक्ति भारत अभियान” के अंतर्गत “Say No To Drugs” विषय पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर NSS की स्वयंसेविका छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में रैली निकाली। छात्राओं ने हाथों में आकर्षक पोस्टर एवं स्लोगन लेकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “Drugs से दूर रहें, जीवन को सुरक्षित करें” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। रैली के दौरान छात्राओं ने लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी भी दी।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने अपने संबोधन में कहा कि नशा मुक्ति समाज के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में भी इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाएं।

वहीं NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशा मुक्ति अभियान सफल हो सकता है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार और समाज में भी इस संदेश को प्रसारित करें। कार्यक्रम में NSS की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। अंत में सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।