मैनपुरी। परिषदीय विद्यालयों में एण्डवेजोल, आयरन टेबलेट एवं सेनेटरीपेड के वितरण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रभारी) मैनपुरी से मिला और ज्ञापन सौंपा।

जिला संयोजक अभय चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रभारी) डॉ. अनिल वर्मा से मुलाकात कर बताया कि शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों में एण्डवेजोल टेबलेट एवं सेनेटरीपेड का वितरण कराया जा रहा है। कई बार दवा वितरण के दौरान छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं, जिससे शिक्षकों को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि स्वास्थ्य विभाग के पास ग्राम पंचायत से लेकर ब्लॉक स्तर तक प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता रहती है। यदि संबंधित क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति दवा वितरण के समय सुनिश्चित की जाए तो यह छात्रों के स्वास्थ्य हित में होगा और शिक्षकों को अनावश्यक कठिनाइयों से भी राहत मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल में अभय चौधरी (जिला संयोजक), हरेंद्र सिंह बैस (जिला सहसंयोजक), घिरोर अध्यक्ष आत्मोज यादव पम्मी, जुगिल किशोर यादव, देवेंद्र सिंह, रंजीत यादव, राधारमन शाक्य सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।