मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कर-करेत्तर और राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर, परिवहन, आबकारी, विद्युत, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, कृषि, विपणन, अलोह खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा के वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है लेकिन अभी निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष वसूली की प्रगति ठीक नहीं है, सभी संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान राजस्व प्राप्ति के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करना सुनिश्चित करें। उन्होंने आबकारी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष के शेष माह में अभियान चलाकर राजस्व प्राप्ति में वृद्धि करना सुनिश्चित करें, आबकारी अधिकारी ने बताया कि 05 मार्च तक रू. 43 करोड़ की फीस जमा होनी है इसके अतिरिक्त शेष दुकानों का आवंटन भी किया जाना है जिससे राजस्व प्राप्ति में वृद्धि होगी। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी से कहा कि जनपद में किसी भी दशा में ओवरलोडिंग न हो, अनाधिकृत वाहनों का संचालन प्रत्येक दशा में रोका जाए।

श्री सिंह ने अधिशाषी अधिकारी स्थानीय निकाय से कहा कि अपने-अपने नगर क्षेत्र में जल कर, गृह कर की बकाया की वसूली अभियान चलाकर करें, नगरीय क्षेत्र में आमजन को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाए, साफ-सफाई के बेहतर प्रबंध रहें, नियमित रूप से कूड़ा उठान हो और कूड़ा निर्धारित डंपिंग स्थान पर ही डाला जाए, मार्ग-प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए, सफाई के बाद कहीं भी सफाई कर्मियों द्वारा कूड़ा न जलाया जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि बकाया उपभोक्ताओं को ओ.टी.एस. योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें, विद्युत चोरी करने वालों पर शिकंजा कसा जाए, विद्युत विभाग के अधिकारी लाइन लॉस रोकने की दिशा में कार्य करें।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनंद, डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला, शिवनरेश, आबकारी अधिकारी हितेन्द्र कुमार शेखर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश, प्रशासनिक अधिकारी हरेंद्र कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सौरभ पांडेय के अलावा कलेक्ट्रेट अनुभाव के विभिन्न अनुभाग प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।