बैनामा कराने के पश्चात तत्काल क्रेता से मौके पर करें कब्जा प्राप्त, विवादित भूमि का बैनामा कराने पर क्रेता स्वयं होंगे जिम्मेदार- जिलाधिकारी।
मैनपुरी(सुवि)संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर में जन-शिकायतें सुनने के दौरान जब जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख ग्राम अल्लापुर पचावर नि. शीला ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसके गाटा संख्या-1851 में पट्टा आवंटित हुआ था, उक्त आवंटित पट्टे पर नगला मंगली के दबंगों द्वारा जबरन कब्जा किया गया है, जिस पर उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल को हिदायत देते हुए कहा कि तत्काल आवंटित पट्टे की पैमाइश कराकर पट्टेदार को काबिज कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों से कहा कि कहीं भी आवंटित पट्टों पर अनधिकृत कब्जा न रहे, पट्टों पर पट्टेदार ही काबिज रहें, किसी भी हलके में सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड़, तालाब, मरघट, विद्यालय की भूमि पर अवैध कब्जा न रहे, सुनिश्चित किया जाए। ग्राम राजलपुर नि. नेकश्री ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसके राशन कार्ड में 04 लोगों का नाम दर्ज है लेकिन राशन डीलर द्वारा मात्र 02 यूनिट का ही राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, शिकायत करने पर कोटेदार द्वारा राशन कार्ड निरस्त करने की धमकी दी जाती है, शिकायतकर्ता ने कोटेदार से सभी 04 यूनिट का खाद्यान्न उपलब्ध कराये जाने की मांग की, जिस पर उन्होंने मौके पर उपस्थित जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि राशन कार्ड धारकों को कोटा डीलर के माध्यम से प्रतिमाह निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
श्री सिंह ने बैनामें के उपरांत क्रय की गई भूमि पर कब्जा न मिलने की शिकायतों पर शिकायतकर्ताओं से कहा कि बैनामें में क्रय करने से पूर्व विक्रेता के बारे में जानकारी अवश्य करें, विक्रय की जाने वाली भूमि पर विक्रेता काबिज है या नहीं, भूमि पर कोई विवाद तो नहीं, की जानकारी करने के बाद ही बैनामा करायें और तत्काल क्रय की गयी भूमि पर कब्जा प्राप्त करें। उन्होने आय-जाति, निवास प्रमाण पत्र जारी करने में विलम्ब से सम्बन्धित शिकायतों पर उप जिलाधिकारी, तहसीलदार से कहा कि आय-जाति, निवास प्रमाण पत्र निर्धारित समय-सीमा में जारी किये जायें, इसमें किसी भी स्तर पर विलम्ब न हो। उन्होने अंश निर्धारण के प्रार्थना पत्र पर मौके पर ही त्वरित कार्यवाही कर अंश निर्धारण एवं हड़ाई नि. नन्दकिशोर द्वारा विरासत में अंकित गलत नाम को दुरूस्त कराने की मांग पर मौके पर ही लेखपाल से नाम दुरूस्त कराकर शिकायतकर्ताओं को तत्काल राहत प्रदान की। उन्होने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि संम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापरक निस्तारण कर रिपोर्ट उपलब्ध करायें, फरियादी को अपनी शिकायत के निस्तारण के लिए भटकना न पड़े, आमजन का विश्वास इस दिवस पर बना रहे।
आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से आए 55 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र निराकरण हेतु प्रस्तुत किए, जिसमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादी का तत्काल राहत प्रदान की। मौजा कोसमा मुसलमीन नि. मनोज कुमार ने गाटा संख्या-1475 घ पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम पंचायत साबज नि. रामब्रेश ने विपक्षियों द्वारा ग्राम पंचायत की भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, नगला राजा नि. विजेन्द्र सिंह ने वर्तमान खतौनी में नाम दर्ज कराने, तिसाह नि. अवधेश कुमारी ने पट्टे की भूमि पर किये जा रहे अनाधिकृत कब्जे को रूकवाने, नगला कल्होर पछां नि. श्याम सिंह ने पट्टाशुदा भूमि पर विपक्षीगणों द्वारा अवैध कब्जे को खाली कराने, नगला अन्ही नि. रेखा देवी ने भूमि पर 01 वर्ष पूर्व किये गये अवैध कब्जे को खाली कराने, जसराना नि. त्रिवेनी देवी ने वर्तमान खतौनी में नाम दर्ज कराने तथा भूमि पर दबंगों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को खाली कराये जाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हें संबंधित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, उप जिलाधिकारी घिरोर प्रसून कश्यप, क्षेत्राधिकारी सच्चिदानंद, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येन्द्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सोमदत्त, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अवधेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश बघेल, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, तहसीलदार घिरोर कमलेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



