मैनपुरी। कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की संयुक्त इकाई के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिवस की शुरुआत ग्राम सभा चान्देश्वर स्थित मंदिर परिसर में NSS लक्ष्य गीत “उठे समाज के लिए उठे-उठे” के सामूहिक गायन से हुई। इसके पश्चात स्वयंसेविकाओं ने मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अगले चरण में ग्राम पंचायत क्षेत्र में “मतदाता जागरूकता” विषयक रैली आयोजित की गई। रैली के माध्यम से छात्राओं ने ग्रामीणों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

विशेष व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत मुख्य वक्ता डॉ. संजय अग्रवाल (हड्डी रोग विशेषज्ञ) ने “रक्तदान महादान” विषय पर व्याख्यान देते हुए रक्तदान के महत्व, पात्रता एवं इसके स्वास्थ्य लाभों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रक्तदान से अनेक जीवन बचाए जा सकते हैं। इसके पश्चात विशिष्ट वक्ता डॉ. अलका पाठक (विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान विभाग) ने “नागरिक कर्तव्य” विषय पर व्याख्यान देते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों को समझाया। वहीं डॉ. विभा जैन (प्रोफेसर, अंग्रेजी विभाग) ने छात्राओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत NSS स्वयंसेविका गीतांजलि द्वारा किया गया, जबकि अनामिका, परवीन एवं अन्य छात्राओं ने समूह गान प्रस्तुत किया। धन्यवाद ज्ञापन NSS कार्यक्रम अधिकारी द्वारा किया गया।
सायंकालीन सत्र में मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात “नशा मुक्ति” अभियान के तहत रैली निकालकर पोस्टर, बैनरों और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
दिनभर की गतिविधियों का समापन NSS संकल्प गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम
अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह, श्री राजेश सेन एवं डॉ. अंकिता सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



