मैनपुरी(सुवि) न्याय  को आमजन के द्वार तक पहुंचाने और हर जरूरतमंद को त्वरित, सुलभ व निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दि. 22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा व वृहद विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं, आयोजन स्थल पुलिस लाइऩ ग्राउंड, गोला बाजार में व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष आयोजन समिति, अपर जिला जज अच्छेलाल सरोज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर को जनोत्सव के रूप में आयोजित किया जाए ताकि अधिकतम संख्या में लोग इसका लाभ उठा सकें। इस अवसर पर अपर जिला जज, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सत्येन्द्र नाथ त्रिपाठी, अपर जिला जज जितेन्द्र मिश्रा, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रीति गिरि एवं क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार आदि उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने समन्वय के साथ शिविर को सफल एवं प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।