मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बैंकर्स द्वारा आयोजित मेगा ऋण-वितरण कार्यक्रम मे 62 हितग्रहियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत रू. 45 लाख एवं अन्य योजनाओं के अन्तर्गत रू. 1010 लाख, कुल 1055 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित करते हुए कहा कि बैंकर्स की यह अत्यंत सराहनीय पहल है जिसके माध्यम से ऐसे युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है जिनके पास क्षमता, मेहनत, लगन और नवाचार के विचार तो हैं किंतु वित्तीय संसाधनों की कमी के कारण वह अपना व्यवसाय प्रारंभ नहीं कर पा रहे थे, बैंक द्वारा वित्तीय सहायता मुहैया कराने से अब इन युवाओं को अपने सपने साकार करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे युवा ऊर्जा, उत्साह और सपनों से परिपूर्ण हैं यदि उन्हें समय पर पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध करा दी जाए तो वह न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं बल्कि अन्य कई लोगों को भी रोजगार प्रदान करने वाले बन सकते हैं।

IMG 20260220 WA0020

श्री सिंह ने कहा कि बैंकिंग प्रणाली की स्थापना का मूल उद्देश्य है कि जिनके पास पूंजी का अभाव है, उन्हें ऋण उपलब्ध कराया जाए ताकि वह अपने कार्यों को गति प्रदान कर सकें, जब उद्यमी ऋण लेकर अपना उद्योग स्थापित करते हैं और समय से ब्याज सहित ऋण की अदायगी करते हैं तभी बैंकिंग व्यवस्था भी सशक्त होती है इसलिए बैंक अधिकारियों का दायित्व है कि वह सहानुभूतिपूर्वक, सरलता और बिना अनावश्यक आपत्तियों के पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अधिकांश बैंक ऋण वितरण करने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं, जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं लेकिन कुछ शाखाएं अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही हैं। उन्होने कहा कि यदि कोई शाखा अनावश्यक विलंब, लालफीताशाही या हीलाहवाली करेगी तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जनपद में बैंक केवल जमा पूंजी से लाभ अर्जित करने तक सीमित न रहें बल्कि युवाओं को सशक्त बनाने में सक्रिय सहयोग करें। उन्होने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना विशेष रूप से उन शिक्षित युवाओं के लिए बनाई गई है जो स्वयं का रोजगार स्थापित कर स्वावलंबी बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश-प्रदेश में यह विचार प्रमुखता से उभर कर सामने आ रहा है कि युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनना चाहिए, यह योजना इसी सोच को साकार करने का माध्यम है, इस योजना के अंतर्गत जनपद को 1700 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनपद इस लक्ष्य को न केवल प्राप्त करेगा बल्कि उससे आगे भी बढ़ेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि ऋण-वितरण की गति बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है ताकि पात्र युवाओं को समय पर पूंजी मिल सके और वह अपने उद्योग प्रारंभ कर सकें, आज मेगा ऋण-वितरण शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, इनमें इलेक्ट्रिकल एप्लायंसेस, फोटोग्राफी, कैमरा, शटरिंग कार्य, छोटे निर्माण कार्य, सर्विस सेंटर, खुदरा व्यापार आदि से संबंधित उद्यम शामिल हैं। उन्होनेे सभी लाभार्थियों से कहा कि वह अपने व्यवसाय को ईमानदारी, गुणवत्ता और परिश्रम के आधार पर आगे बढ़ाएं, यह ऋण केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि एक विश्वास है, बैंक ने आप पर विश्वास किया है कि आप मेहनत कर सफल होंगे और समय से ऋण अदा करेंगे। उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि वह समयबद्ध तरीके से ऋण की अदायगी करेंगंे और भविष्य में अधिक पूंजी लेकर अपने उद्योग का विस्तार करेंगें, जब आप अपने उद्योग का विस्तार करेंगे तो न केवल आपका परिवार सशक्त होगा बल्कि जनपद की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होने कहा कि छोटे स्तर से शुरुआत करना कोई कमजोरी नहीं है, उन्होंने प्रेरक शब्दों में कहा कि “सौ मील की यात्रा भी एक कदम से शुरू होती है, आज जिन युवाओं ने पहला कदम उठाया है, वह भविष्य में बड़े उद्योगपति बन सकते हैं, आवश्यकता केवल दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच की है। उन्होंने उपस्थित युवाओं का आह्वान करते हुए कि वह अपने उद्योगों को इस स्तर तक विकसित करें कि जनपद का नाम प्रदेश और देश में गौरव के साथ लिया जाए, स्थानीय स्तर पर स्थापित छोटे-छोटे उद्योग ही आगे चलकर बड़ी औद्योगिक श्रृंखलाओं का रूप लेंगे और क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।

मेगा ऋण-वितरण कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सी.एल. एंड सन्स को ऑयल मिल हेतु रू. 07 करोड़, बृजेश शाक्य को कोल्ड स्टोरेज हेतु रू. 01 करोड़, आरती इण्डस्ट्रीज को रू. 40 लाख, धीरेन्द्र सिंह को रू. 25 लाख, आदित्य श्रीवास्तव को रू. 20 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किये, शिविर में बैंकर्स द्वारा उपस्थित नागरिकों को डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता एवं शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। इस दौरान बैंक ऑफ इंडिया से सर्वेश कुमार, आरसेटी से सुरेन्द्र यादव, भारतीय स्टेट बैंक से संदीप कुमार, केनरा बैंक अपूर्व त्यागी, उ.प्र. ग्रामीण बैंक अखिल भारद्वाज आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक रामचन्द्र साहा ने किया।