मैनपुरी। कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की संयुक्त इकाई के तत्वावधान में चांदेश्वर ग्राम सभा (मंदिर परिसर) में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेविका छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए समाज में स्वास्थ्य चेतना का संदेश प्रसारित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम NSS के लक्ष्य गीत “उठे समाज के लिए उठे उठे..” का गायन हुआ तत्पश्चात छात्राओं द्वारा ग्राम पंचायत क्षेत्र में महिला स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से छात्राओं ने नारों एवं संदेशों द्वारा ग्रामीण महिलाओं को स्वच्छता, संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया। इसके पश्चात विशेष व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. शिवानी जैन ने “महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण” विषय पर विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने महिलाओं के शारीरिक स्वास्थ्य, पोषण संतुलन, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में अतिथि का स्वागत NSS स्वयंसेविका शैफाली द्वारा, जबकि व्याख्यान के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन परवीन ने प्रस्तुत किया। इस दौरान स्वयंसेविका गीतांजलि एवं अनामिका ने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक एवं प्रेरणादायक बनाया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेविका छात्राओं ने “स्वस्थ नारी–सशक्त भारत” विषय पर बैनर, पोस्टर एवं स्लोगन के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने विचार साझा करते हुए महिला स्वास्थ्य को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। सायंकालीन सत्र का समापन NSS संकल्प गीत से किया गया।

NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह, श्री राजेश सेन एवं डॉ. अंकिता सिंह के प्रयासों से आज का कार्यक्रम सफलता पूर्वक समाप्त हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिला स्वास्थ्य जागरूकता को समाज में निरंतर प्रसारित करने का संकल्प लिया। यह आयोजन अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।