मैनपुरी। कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की संयुक्त इकाई के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन का शुभारंभ ग्राम सभा चान्देश्वर स्थित मंदिर परिसर में NSS के लक्ष्य गीत “उठे समाज के लिए उठे-उठे” के सामूहिक गायन से हुआ। गीत के माध्यम से स्वयंसेविकाओं में सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत की गई।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में छात्राओं ने मंदिर परिसर की स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। इसके उपरांत ग्राम पंचायत क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने नारों एवं संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

विशेष व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत मुख्य वक्ता श्री सत्येंद्र प्रजापति (जे.ई., विद्युत विभाग) ने “बिजली की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण” विषय पर व्याख्यान देते हुए ऊर्जा संरक्षण के व्यावहारिक उपाय बताए और स्वयंसेविकाओं को जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया। वहीं विशिष्ट वक्ता डॉ. विनीता अवस्थी ने “पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और वैकल्पिक उपायों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत NSS स्वयंसेविका गीतांजलि द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन स्वयंसेविका परवीन ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात छात्राओं ने पर्यावरण विषयक निबंध लेखन एवं कविता पाठ के माध्यम से अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
सायंकालीन सत्र का समापन NSS संकल्प गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह, श्री राजेश सेन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।



