मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा के साथ थाना समाधान दिवस के अवसर पर कोतवाली सदर में फरियादियों की शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि थाना समाधान दिवस में अधिकांश शिकायतें सार्वजनिक, निजी भूमि पर अवैध कब्जों की प्राप्त हो रही है, राजस्व, पुलिस विभाग अधिकारी, कर्मचारी आपस में समन्वय स्थापित कर सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरूद्व प्रभावी कार्यवाही करें, किसी भी दशा में कहीं भी सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड, विद्यालय की भूमि, खलिहान, चारागाह, खाद के गड्डों, तालाब की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा न रहे। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि भविष्य में कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे की शिकायतें प्राप्त हुई तो संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित कर दंडात्मक कार्यवाही होगी। उन्होने कहा कि थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों पर थाने से ही राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाये और यथासम्भव उसी दिन समस्या का निदान किया जाये ताकि फरियादी को तत्काल राहत मिले, और आमजन के बीच संदेश पहुंचे कि शासन-प्रशासन उनकी शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण के प्रति संवेदनशील है।

श्री सिंह ने कहा कि भूमि सम्बन्धी विवादों पर पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारी, कर्मचारी बेहद संवेदनशील रहकर कार्य करें, मौके पर पुलिस, राजस्व की टीम जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में समस्या का निदान कराये, कृत कार्यवाही पर दोनों पक्षों के साथ मौके पर उपस्थित अन्य लोगों के भी हस्ताक्षर कराये जायें और उसका विवरण थाने की जी.डी. में अंकित किया जाये। सुनवाई के दौरान जब पैरार शाहपुर नि. मिथलेश कुमारी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि 1/4 हिस्से के मकान पर 02 देवर, दवरानियों द्वारा जबरन कब्जा किया गया है और निर्माण कार्य करा रहे हैं, मना करने पर झगड़ा कर मारपीट करने लगते हैं, थाने पर शिकायत की तो पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की, जिस पर उन्होने एस.एच.ओ. को निर्देशित किया कि दोनों पक्षों से वार्ता कर तत्काल विवाद का निस्तारण करायें। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह आदि उपस्थित रहे।