मैनपुरी(सुवि) मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, खंड शिक्षाधिकारियों, जिला समन्वयक को निर्देशित करते हुए कहा कि मानक के अनुसार विद्यालयों का निरीक्षण करें, विद्यालयों में शिक्षकों की समय से उपलब्ध उपस्थिति के साथ ही पंजीकृत बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, जिन छात्रों के खातों में अभी तक आधार सीडिंग के कारण धनराशि नहीं भेजी जा सकी है, उनके अभिभावकों से तत्काल सूचना एकत्र कर धनराशि भेजी जाए। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अभी जनपद के 4909 छात्रों के खातों में धनराशि नहीं भेजी जा सकी है, सर्वाधिक छात्र खंड शिक्षा क्षेत्र करहल, जागीर में 14-14 प्रतिशत एवं खंड शिक्षा क्षेत्र किशनी में 07 प्रतिशत शेष है। उन्होंने संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों से कहा कि तत्काल छात्रों के अभिभावकों के आधार सीडिंग कराकर उनके खाते में धनराशि भिजवाना सुनिश्चित करें।
सी.डी.ओ. ने समीक्षा के दौरान पाया कि ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर से जनपद के अधिकांश विद्यालय संतृप्त हो चुके हैं, अभी 129 विद्यालयों में दिव्यांग शौचालय, 36 में टाइलीकरण, 51 में किचन सैट, 02 विद्यालयों में बालक एवं 01 विद्यालय में बालिका यूरिनल का कार्य शेष है साथ ही नगर क्षेत्र नगला सेवारामपुर, गणेशपुरा, नगला खीजा, नगला मूले, नगरिया देहात में विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल का कार्य शेष है, जिस पर उन्होंने उक्त पांचो विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल का ऑगणन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि 06 फरवरी तक जनपद में संचालित होने वाली निपुण ऑकलन परीक्षा की बेहतर ढंग से तैयारी की जाए, जनपद के प्राथमिक विद्यालयों के कक्षा-01, 02 के छात्रों का निपुण ऑकलन होना है, इस हेतु प्राचार्य डायट द्वारा रोस्टर तैयार कर उपलब्ध कराया जा चुका है, डायट के छात्रों द्वारा निर्धारित एप के माध्यम से निपुण परीक्षा का आकलन किया जाना है, संबंधित खंड शिक्षाधिकारी ए.आर.पी. निपुण परीक्षा ऑकलन का कार्य बेहद सतर्क रहकर करायें, छोटे-छोटे बच्चों के बीच परीक्षा को लेकर किसी प्रकार का भय न दिखे, बच्चों को परीक्षा से पूर्व निरंतर रिवीजन, प्रैक्टिस करायी जाए। उन्होंने जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में निर्धारित मीनू के अनुसार समय से बच्चों को दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाए, निर्धारित दिवस पर मौसमी फल-दूध मुहैया कराया जाए, मध्यान्ह भोजन में प्रयोग होने वाले मसाले, तेल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, प्राचार्य डायट मनमोहन शर्मा, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



