मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने भव्य पुलिस परेड की सलामी लेने के उपरांत जनपदवासियों, उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों  को बधाई देते हुए कहा कि लम्बे संघर्षों, अनगिनत बलिदानों के उपरांत 15 अगस्त 1947 को हमें गुलामी से आजादी मिली। उन्होने कहा कि 26 जनवरी का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में अत्यंत गौरवपूर्ण, प्रेरणादायी दिवस है, इसी दिन 26 जनवरी 1950 को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता वाली ड्राफ्ट कमेटी द्वारा तैयार किया गया भारतीय संविधान लागू हुआ और भारत एक संपूर्ण गणराज्य बना, तभी से यह दिन हम सभी देशवासी गणतंत्र दिवस के रूप में निरंतर मनाते चले आ रहे हैं। उन्होने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के लोकतांत्रिक देशों के संविधानों के अध्ययन के उपरांत तैयार किया गया सर्वश्रेष्ठ संविधान है, यह संविधान न केवल राष्ट्र के हितों को संरक्षित करता है बल्कि प्रत्येक नागरिक को अधिकार, सम्मान, स्वाभिमान, स्वतंत्रता एवं समानता प्रदान करता है, संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह लचीला, व्यापक और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान धर्म-निरपेक्षता, स्वतंत्रता, न्याय, समानता और बंधुत्व जैसे मूल-भूत सिद्धांतों पर आधारित है, आज प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की आजादी, समान अवसर और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अधिकार इसी संविधान ने प्रदान किया है, यही संविधान हमारे देश को एकता के सूत्र में बांधकर निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति देता है।

IMG 20260127 WA0021

पर्यटन मंत्री ने कहा कि आज भारत इसी संविधान की छाया में विश्व पटल पर एक मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरकर सामने आया है, आज भारत जब बोलता है तो पूरी दुनिया गंभीरता से सुनती है, भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, मजबूत लोकतंत्र और निर्णायक नेतृत्व ने देश को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि आज भारत एक बड़ी सामरिक शक्ति के रूप में भी स्थापित हो चुका है, भारत ने अपनी अत्याधुनिक रक्षा प्रणाली, तकनीकी ताकत और मजबूत सेना के माध्यम से विश्व को यह संदेश दिया है कि भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और आत्मसम्मान की रक्षा करने में सक्षम है, भारत का रक्षा क्षेत्र, तकनीकी उन्नति और वैज्ञानिक क्षमता निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होने कहा कि वर्तमान समय में विश्व आर्थिक उथल-पुथल, सामरिक तनाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है, वैश्विक स्तर पर अनेक चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं, लेकिन इन परिस्थितियों में भी यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत एक मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है, भारत आज दुनिया की सबसे तेज बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, भारत अपनी स्वतंत्र विदेश नीति, गुटनिरपेक्ष दृष्टिकोण और आत्मनिर्भर भारत की सोच के साथ एक नई वैश्विक ऊर्जा के रूप में उभर रहा है, आज दुनिया के तमाम देश भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं, भारत तकनीकी क्षेत्र, वैज्ञानिक अनुसंधान, अंतरिक्ष टेक्नोलॉजी, रक्षा उत्पादन, डिजिटल इंडिया और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान कर रहा है।

IMG 20260127 WA0019

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने एक नया सपना संजोया है और एक संकल्प लिया है कि जब भारत 15 अगस्त 2047 को अपनी आजादी का शताब्दी वर्ष मनाएगा, तब तक भारत को विकासशील से विकसित राष्ट्र बनाया जाए, यह लक्ष्य केवल सरकार का नहीं बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है, इस सपने को साकार करने के लिए किसान, मजदूर, व्यापारी, उद्योगपति, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, राजनेता, वैज्ञानिक, सैनिक, शिक्षक और समाज के हर वर्ग को अपनी पूरी ऊर्जा, योग्यता, क्षमता और दक्षता के साथ राष्ट्रहित में योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक हर नागरिक “नेशन फर्स्ट” की भावना को सर्वाेपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करेगा, तब तक विकसित भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता, हमें कंधे से कंधा मिलाकर एकजुट होकर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाना होगा।

इस दौरान पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, पैक्सफेड के चेयरमैन प्रेमसिंह शाक्य, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, भूपेन्द्र यादव, मंजूषा चौहान, सीमा चौहान, राहुल भारती, उदय चौहान, विकास चौहान, अमित गुप्ता, उत्तम गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारियों के अलावा जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, जिला जज रूपेश रंजन, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार, राहुल मिठास, संयुक्त निदेशक अभियोजन के.डी. शुक्ला, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, गणमान्य व्यक्ति, पत्रकार बंधु आदि उपस्थित रहे।