मैनपुर: कुं. आर.सी. महिला महाविद्यालय में “राष्ट्रीय मतदाता दिवस” के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की संयुक्त इकाई के तत्वावधान में पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मतदान के महत्व को रेखांकित करना था। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मतदाता जागरूकता से जुड़े आकर्षक पोस्टर एवं प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत किए। छात्राओं ने अपने रचनात्मक कार्यों के माध्यम से “हर वोट की कीमत”, “मेरा वोट, मेरी ताकत”, “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे संदेशों को चित्रों और शब्दों के माध्यम से जीवंत किया। पोस्टरों में लोकतंत्र, अधिकार और कर्तव्य के भाव को सुंदर ढंग से उकेरा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का पवित्र कर्तव्य है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक मतदाता बनें और अपने परिवार व समाज में भी मतदान के प्रति चेतना फैलाएँ। उन्होंने कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक नागरिकों से ही बनती है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देश के भविष्य को दिशा देती है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि देश की प्रगति तभी संभव है, जब हर नागरिक अपने मताधिकार का सही और जिम्मेदार ढंग से प्रयोग करे। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि वे “जागरूक मतदाता, सशक्त राष्ट्र” के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाएँ।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया तथा श्रेष्ठ पोस्टर एवं स्लोगन प्रस्तुत करने वाली छात्राओं की सराहना की गई। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे मतदान अवश्य करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। यह आयोजन न केवल शैक्षिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि लोकतांत्रिक चेतना को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।



