मैनपुरी(सुवि)आयुक्त आगरा मण्डल आगरा, रोल प्रेक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने आज भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का पर्यवेक्षण किया। उन्होने 107-विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी के कंपोजिट विद्यालय, आवास विकास में अवस्थापित बूथ संख्या-190, 191, 192, 193, 194, 195, 195 एवं 196 का स्थलीय निरीक्षण कर बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अगले 02-03 दिन में अपने-अपने अधीन प्रत्येक घर का भ्रमण कर ऐसे मतदाता जो ड्राफ्ट रोल में शामिल नहीं है, जिनकी मैपिंग वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो सकी है, उन्हें नोटिस उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, नोटिस उपलब्ध कराते समय उनसे रिसीविंग अवश्य प्राप्त करें साथ ही ऐसे युवा जो 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, उन्हें फॉर्म-6 उपलब्ध करायें और उन्हें जन्म प्रमाण पत्र, आधार की प्रति संलग्न कर तत्काल जमा करने के लिए प्रेरित करें। उन्होने बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजर से प्राप्त फॉर्म-6, 7, 8 के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुये कहा कि अभियान के दौरान 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक वयस्क का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाये, मृतक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल न रहें। उन्होने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का सघन निरीक्षण कर फार्मों की संख्या बढाऐं, महिला मतदाताओं के नाम शामिल कराने पर विशेष फोकस किया जाये। उन्होने बीएलओ को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के अन्तर्गत निर्धारित विशेष तिथियों पर अपने-अपने मतदान केन्द्रों, स्थलों पर दॉवे, आपत्तिया प्राप्त करने के लिए सभी बूथ लेवल अधिकारी, पदाभिहित अधिकारी समय से उपस्थित रहकर फॉर्म प्राप्त करें।

रोल प्रेक्षक ने उपस्थित बूथ लेवल अधिकारी आभा वर्मा, सत्य प्रकाश, अजय कुमार, ऋषभ कुमार, किरन, अवनूर निशा, जितेन्द्र कुमार एवं सुपरवाइजर सुमित सिंह से कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य पूरी निष्ठा, लगन के साथ करें, नये मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृतक मतदाताओं के नाम काटने हेतु निर्धारित फॉर्म भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल, विलोपित कराएं, यह कार्य पूरी संवेदनशीलता के साथ कराया जाए ताकि जनपद की मतदाता सूची अद्यावधिक रहे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित बी.एल.ओ., पदाभिहीत अधिकारियों से कहा कि मतदाता द्वारा भरे गये आवेदन में मतदाता के हस्ताक्षर अवश्य हों, फार्म के सभी कॉलम भरवाये जायें, सभी प्रविष्टियों को चैक किया जायें, कोई भी फार्म किसी कमी के कारण अस्वीकृत न किया जाये, प्राप्त फार्मो को तत्काल ऑनलाईन फीड कराया जाये। उन्होंने कहा कि अभी जनपद की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो ठीक नहीं है, मतदाता सूची अपडेशन के कार्य में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारी मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधार की दिशा में कार्य करें।

इस दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, अपर आयुक्त राजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, उप जिलाधिकारी सदर, अभिषेक कुमार आदि उपस्थित रहे।