
मैनपुरी 24 मई, 2022- मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु की बैठक में कहा कि उद्यमियों को उद्योगों के संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, उद्यमियों की समस्याओं का सर्वाेच्च प्राथमिकता पर निराकरण किया जाए, बैंकर्स जन कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं में प्रेषित पत्रावालियों को स्वीकृत कर ऋण वितरण करें ताकि लाभार्थी अपना स्वतःरोजगार स्थापित कर स्वावलाम्बी बन सकें। उन्होने समीक्षा के दौरान असंतोष व्यक्त करते हुये कहा कि गत् माह आयोजित उद्योग बन्धु की बैठक में ओद्योगिक आस्थान धारऊ में व्याप्त गंदगी की सफाई कराने के निर्देश अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को, अनाधिकृत रूप से अन्य जनपदों से लाकर बेची जा रही ईंटों की बिक्री को रोके जाने के निर्देश उपायुक्त जी.एस.टी., सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, खनन अधिकारी को एवं ट्रांसपोर्ट नगर को पुनः संचालित करने के सम्बन्ध में कार्यवाही हेतु अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका, उपायुक्त उद्योग, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी को आदेशित किया गया था लेकिन 01 माह व्यतीत होने के बाद भी न तो ओद्योगिक आस्थान की सफाई हुयी और नाहीं ट्रांसपोर्ट नगर का संचालन, ईंटों की बिक्री रोकने के सम्बन्ध में कोई कार्यवाही नहीं की गयी। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि आगामी 03 दिन में उक्त के सम्बन्ध में कार्यवाही कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ओद्योगिक आस्थान धारऊ में व्याप्त गंदगी, सफाई न कराने पर सफाई निरीक्षक का उत्तरदायित्व निर्धारित कर उसके विरूद्ध कार्यवाही की जाये।
श्री कुमार ने समीक्षा के दौरान पाया कि मुख्यमंत्री युवा स्वःरोजगार योजना में भौतिक लक्ष्य 57 के सापेक्ष 35 आवेदन पत्र बैंकों को प्रेषित किए गए, जिनमे से बैंकों द्वारा 04 प्रार्थना पत्र स्वीकृत कर 02 पर ऋण वितरण किया गया, अभी विभिन्न बैंकों में 31 पत्रावलियों स्वीकृति हेतु अवशेष है, सबसे अधिक 11 पत्रावलियां आर्यावर्त बैंक में एवं 03-03 पत्रावलियां यूनियन बैंक, बैंक ऑफ इण्डिया, भारतीय स्टेट बैंक में लंबित हैं, जबकि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अन्तर्गत भौतिक लक्ष्य 70 के सापेक्ष 43 आवेदन पत्र बैंकों को प्रेषित किए गए, जिनमे से बैंकों द्वारा 09 प्रार्थना पत्र स्वीकृत कर 03 पर ऋण वितरण किया गया, विभिन्न बैंकों में 30 पत्रावलियां स्वीकृत हेतु लम्बित हैं, एक जनपद-एक उत्पाद में वार्षिक लक्ष्य 36 के सापेक्ष 42 पत्रावलियां बैंकों को प्रेषित की गयी जिसमें से 02 पत्रावलियांें पर ऋण स्वीकृत किया गया लेकिन अभी तक स्वीकृति के बाद भी किसी भी पत्रावली पर ऋण वितरित नहीं किया गया है।
उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि उद्योग बंधु, व्यापार बंधु की बैठक में जो भी निर्णय, निर्देश दिए गए हैं उनका गंभीरता से अनुपालन करें, 01 सप्ताह में अनुपालन आख्या उपलब्ध कराएं, उपलब्ध अनुपालन आख्या को उपायुक्त उद्योग संबंधित सदस्यों को भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में उपस्थित ईट भट्ठा एसोसिएशन द्वारा 50 कुंटल, कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन द्वारा 100 कुंटल, राइस मिल एसोसिएशन द्वारा 100 कुंटल, लक्ष्मी नारायण तापड़िया द्वारा 25 कुंटल भूसा स्वेच्छा से जनपद में संचालित गोशालाओं हेतु दान देने की घोषणा की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार, उपायुक्त जीएसटी. उत्तम तिवारी, जिला अग्रणी प्रबन्धक अनिल प्रकाश तिवारी, अधिशाषी अधिकारी लाल चन्द्र भारती, श्रम प्रवर्तन अधिकारी आर.एन. मिश्र, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद, अधिशाषी अभियंता विद्युत, उद्यमी सुनील वर्मा, अमित अग्रवाल, विनय गुप्ता, अजय दुबे, अवनीश कुमार दीक्षित, लक्ष्मी नारायण तापड़िया आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग मो. सऊद ने किया।



