मैनपुरी(सुवि)मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने स्व. चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित किसान-सम्मान दिवस पर उन्नति खेती कर अधिक पैदावार करने वाले कृषकों को सम्मानित करते हुये कहा कि कई सरकारी योजनाएं केवल किसानों को केंद्र-बिंदु रख संचालित हैं। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री किसान फसल बीमा योजना, सिंचाई, उद्यान, पशुपालन, कृषि विभाग की संचालित योजनाओं से कृषकों को लाभान्वित किया जा रहा है साथ ही कृषकों को खाद-बीज की उपलब्धता, उपज की मार्केटिंग की उपलब्धता, धान, मक्का, गेहूं खरीद की व्यवस्था के साथ ही बैंकों के माध्यम से सहज, सुगम ऋण की व्यवस्था, सहकारी समितियों के माध्यम से खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जा रही है। उन्होने कहा कि जनपद के किसान जागरूक हैं, प्रगतिशील, उन्नतिशील, जैविक कृषि में भी इनकी रुचि है, बाकी किसानों को भी इनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिये। उन्होने उपस्थित किसानों का आव्हान करते हुये कहा कि सभी कृषक भाई फॉर्मर रजिस्ट्री प्राथमिकता पर करा लें, भविष्य में शासन की सभी योजनाओं का लाभ फॉर्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही मिलेगा।
सी.डी.ओ. ने कहा कि जनपद के कृषक बेहद मेहनती है, यह जनपद गेहूं, बासमती चावल, मूंगफली, लहसुन का हब है, बाजरा-मक्का की खेती भी जनपद में बड़े स्तर पर किसानों द्वारा की जाती है। उन्होंने कहा कि आजकल मोटे अनाज की पैदावार को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास हो रहे हैं, विश्व में मोटे अनाज को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, मोटा अनाज स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभप्रद है। उन्होने किसानों को आव्हान करते हुये कहा कि किसान पुरानी पद्धति को छोड़ वैज्ञानिक पद्धति से खेती करें। उन्होंने कहा कि अत्याधिक रसायनिक खादों के प्रयोग से मिट्टी के साथ-साथ हमारी सेहत पर भी दुष्प्रभाव पड़ रहा है फलों, सब्जियों, अनाज के माध्यम से यूरिया, डी.ए.पी. का विपरीत असर आमजन की सेहत पर पड़ रहा है, समय की मांग के अनुसार जैविक खेती को बढ़ावा देना होगा, खेती की लागत को कम कर अधिक मुनाफा कमाना होगा, तभी देश का किसान आर्थिक रूप से संपन्न होगा।
मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक ने किसान-सम्मान दिवस पर कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य पालन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले किसानों को शॉल, प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया, नीलेश कुमार को सरसों उत्पादन, हरीओम को गेहूं उत्पादन, नरेश चन्द्र को धान उत्पादन, विजय कुमार को उर्द की अच्छी पैदावार करने, सिराज अली को लहसुन उत्पादन, संजीव कुमार को आलू उत्पादन, अरूणा को मछली उत्पादन, अनीता रानी को पशुपालन में प्रथम पुरूस्कार प्रदान किया गया, कृषि क्षेत्र मंे कुल 12, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं उद्यान के क्षेत्र में 06-06 कृषकों को प्रथम, द्वितीय पुरूस्कार प्रदान किये गये है, प्रथम पुरूस्कार प्राप्त किसानों को रू. 07 हजार एवं द्वितीय पुरूस्कार प्राप्त कृषकों को रू. 05 हजार की धनराशि आर.टी.जी.एस. के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गयी।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सोमदत्त, जिला कृषि अधिकारी अभिशांक चौहान, सहायक निबन्धक सहकारिता जितेन्द्र पाल सिंह, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक प्रणवेन्द्र सिंह, अग्रणी जिला प्रबन्धक रामचन्द्र साहा के अलावा कृषि वैज्ञानिक, बड़ी संख्या में कृषक बन्धु आदि उपस्थित रहे।
————————————————-



