मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर प्राप्त होने वाले संदर्भों की समीक्षा के दौरान नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार, मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्रभागीय निदेशक सामजिक वानिकी, उप निदेशक कृषि, वंदोवस्त अधिकारी चकबंदी, उपायुक्त मनरेगा, जिला आबकारी अधिकारी, जिला ग्रामो़द्योग अधिकारी, खनन अधिकारी से सम्बन्धित अधिकांश शिकायतों के निस्तारण पर असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हुआ है। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि शिकायत के निस्तारण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये, शिकायत के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसके संतुष्ट होने के उपरांत ही निस्तारण आख्या अपलोड की जाये। उन्होंने अधिकारियों को आदेशित करते हुये कहा कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के प्रति संवेदनशील रहें, प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण की समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जा रही है, इसलिए सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण हो।

श्री सिंह ने आई.जी.आर.एस. पोर्टल की समीक्षा में पाया कि दि. 17 नवम्बर से 17 दिसम्बर तक शासन स्तर से 296 शिकायतकर्ताओं से फीडबैक प्राप्त करने पर 165 शिकायतों के निस्तारण पर असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हुआ है, जिसमें सर्वाधिक अधिशाषी अभियंता विद्युत से सम्बन्धित 102 फीडबैक में से 61, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी से सम्बन्धित 07 फीडबैक में से 07, तहसीलदार करहल से सम्बन्धित 18 फीडबैक में से 06, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका से सम्बन्धित 16 फीडबैक में से 06, मुख्य चिकित्साधिकारी से सम्बन्धित 19 फीडबैक में से 05, तहसीलदार कुरावली से सम्बन्धित 07 फीडबैक में से 05, उपायुक्त स्वरोजगार से सम्बन्धित 04 फीडबैक में से 04, प्रभारी चिकित्साधिकारी कुरावली से सम्बन्धित 04 फीडबैक में से 04 पर असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हुए है। उन्होने हेल्पलाइन सन्दर्भ की समीक्षा करने पर पाया कि दि. 17 नवम्बर से 17 दिसम्बर के मध्य शासन स्तर से 814 शिकायतकर्ताओं से फीडबैक प्राप्त करने पर 107 शिकायतों के निस्तारण पर असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हुआ है, जिसमें सर्वाधिक अधिशाषी अभियंता सिंचाई से सम्बन्धित 52 फीडबैक में से 19, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से सम्बन्धित 40 फीडबैक में से 16, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका से सम्बन्धित 48 फीडबैक में से 11, तहसीलदार भोगांव से सम्बन्धित 18 फीडबैक में से 06, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी से सम्बन्धित 08 फीडबैक में से 05, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी से सम्बन्धित 05 फीडबैक में से 05 शिकायतों पर असंतुष्ट फीडबैक मिला है। उन्होने समीक्षा के दौरान अधिशाषी अभियंता जल निगम से सम्बन्धित 415 सन्दर्भों में से 414, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका से सम्बन्धित 48 सन्दर्भों में से 37 शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट पाये जाने पर अधिशाषी अभियंता जल निगम, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका की प्रशंसा की।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, कुरावली, घिरोर अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, प्रसून कश्यप, डिप्टी कलेक्टर धु्रव शुक्ला, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द्र, जिला आबकारी अधिकारी हितेन्द्र कुमार शेखर, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, अधिशाषी अभियंता विद्युत, जल निगम, सिंचाई, नलकूप, लोक निर्माण सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारियों के अलावा अनिल सक्सैना, आई.जी.आर.एस. प्रभारी अनुज कुमार, सौम्यवर्धन आदि उपस्थित रहे।