सर्दी के मौसम में घने कोहरे के कारण हो रही लगातार सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए कुं. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में एन.एस.एस. की संयुक्त इकाई द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को कोहरे में वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। जैसे—वाहन की गति नियंत्रित रखना, फॉग लाइट का सही प्रयोग करना, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, सुरक्षित दूरी बनाए रखना तथा अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचना। छात्राओं ने पोस्टर एवं स्लोगन के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्या ने अपने संबोधन में कहा कि सर्दी के मौसम में कोहरा दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है, ऐसे में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन और भी आवश्यक हो जाता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।

एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी अनामिका सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कोहरे के समय थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सतर्कता और अनुशासन ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सड़क सुरक्षा को जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया और इसे दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।