मैनपुरी(सुवि)मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने आज जनपद के वृ़द्धाश्रम का स्थलीय निरीक्षण कर जानकारी करने पर केयर टेकर द्वारा अवगत कराया कि वर्तमान में लगभग 100 वृद्ध निवासरत् हैं, जिसमें 61 महिलायें तथा शेष पुरूष हैं, आश्रम में निवास कर रहे सूरजभान गुप्ता, जगदीश, कप्तान सिंह, चन्द्रवती, मुन्नीदेवी, कुसुम आदि वृद्धजनों से उनकी समस्याओं एवं वृद्धाश्रम में प्राप्त हो रही सुविधाओं आदि के सम्बन्ध में जानकारी की गयी, उक्त के साथ ही अन्य वृद्धजनों से भी उनको उपलब्ध हो रही सुविधाओं के सम्बन्ध में जानकारी कर समस्त वृद्धजनों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं पर सन्तोष व्यक्त किया, नाश्ते के सम्बन्ध में जानकारी करने पर आश्रम में निवास करने वाली वृद्धा रामबेटी ने बताया कि आज नाश्ते में सूजी का हलवा मिला था, भूदेवी से उनके स्वास्थ्य के सम्बन्ध में जानकारी करने पर उनके द्वारा स्वास्थ्य ठीक होना बताया गया किन्तु वह काफी कमजोर दिखाई दे रही थीं, उन्हें भली प्रकार से भोजन करने तथा प्रसन्न रहने हेतु प्रेरित किया गया, कुसुम की ऑखों का आपरेशन हुआ था इसलिए उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी गयी। उन्होने केयर टेकर को निर्देशित करते हुये कहा कि आश्रम परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है, वृद्धाश्रम में प्रतिदिन सही प्रकार से सफाई करायी जाये, किसी भी वृद्धजन को कोई असुविधा न हो, उन्हें समय से सुबह का नाश्ता दोपहर-शाम का भोजन गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराया जाये, सर्दी से बचाव हेतु वृद्धाश्रम में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें।
वृद्धाश्रम के सम्बन्ध में जानकारी करने पर सचिव, प्रबन्धक कमलेश कुमारी ने बताया कि आश्रम में कुल 16 कर्मचारियों का स्टॉफ है, जिसमें आश्रम अधीक्षिका, लेखाकार, स्टोर कीपर, केयरटेकर तथा गार्ड आदि कर्मचारी तैनात है।



