मैनपुरी(सुवि)आज जन-सुनवाई के दौरान जब रोपनपुर मौजा राजपुर कलां नि. पूर्व प्रधान, प्रधान प्रतिनिधि बृज किशोर तोमर ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह को अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि जल जीवन मिशन हर घर नल के माध्यम से स्वच्छ जल योजना के अन्तर्गत गांव मंे डाली गयी पाइप लाइन, हर घर नल लगाने में मानकों की अनदेखी की गयी है, पाइप लाइन, नल कनेक्शन करते समय जो नालियां, खरंजे तोड़े गये हैं, उसे भी अभी तक सही नहीं कराया गया, ठेकेदार से खरंजे की मरम्मत के लिए कहने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया जाता, गांव मंे डांवर रोड से धनीराम के घर तक सी.सी. निर्माण कार्य कराया जा रहा है, रास्ते में कई जगह पानी की पाइप लाइन काफी ऊपर होने के कारण खराब हो गयी है, सी.सी. रोड की मरम्मत से पहले पाइप लाइन को ठीक कराये जाने की मांग शिकायतकर्ता ने की, शिकायत को गंभीरता से लेते हुये जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लेते हुये पाया कि पाइप लाइन, नल कनेक्शन में मानकांे की अनदेखी की गयी है, मैन पाइप लाइन मानक के अनुसार 01 मीटर गहरी होनी चाहिए, मैन पाइप लाइन से घरों तक जाने वाली लाइन, नल कनेक्शन की गहराई 45 सेमी. होनी चाहिए लेकिन मौके पर मुख्य पाइप लाइन के साथ घर तक जाने वाली लाइन काफी ऊपर डाली गयी है, नल कनेक्शन मात्र 07-08 से.मी. की गहराई पर ही लगाये गये हैं, जिस पर असंतोष व्यक्त करते हुये मौके पर उपस्थित कार्यदायी संस्था के अभियंता, ठेकेदार को हिदायत देते हुये कहा कि पाइप लाइन, नल कनेक्शन में मानकों का पूरा ध्यान रखा जाये, निर्माणाधीन सी.सी. रोड पर प्राथमिकता पर पाइप लाइन, नल कनेक्शन निर्धारित गहराई पर कराये जायें ताकि निर्माण के बाद सी.सी. रोड को न खोदना पड़े।

श्री सिंह ने अधिशाषी अभियंता जल निगम से कहा कि जिन ग्रामों में पाइप लाइन, ओवरहेड टैंक, नल कनेक्शन का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां प्राथमिकता पर सम्बन्धित ठेकेदार से खरंजे, नालियां पाइप लाइन के कार्य प्रारंभ होने से पूर्व की भांति निर्माण कराना सुनिश्चित करें, इस कार्य में किसी भी स्तर पर विलम्ब न हो, पाइप लाइन के कार्य के फलस्वरूप किसी भी व्यक्ति को आवागमन मे असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने कहा कि निर्माण कार्य में मानकों का विशेष ध्यान रखा जाये, ओवरहेड टैंक के माध्यम से प्रत्येक घर तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाये, जानकारी करने पर पाया कि गांव में रू. 223.10 लाख की लागत से 175 के.एल. का ओवरहेड टैंक, पंप हाउस, वितरण प्रणाली हेतु 10.10 कि.मी. पाइप लाइन, वाउण्ड्रीवॉल का निर्माण कार्य पूंर्ण हो चुका है, गांव मंे 416 गृह पेयजल संयोजन स्थापित कराये जा चुके हैं।

निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता जल निगम अंकित यादव, सहायक अभियंता राकेश त्यागी के अलावा अनिल सक्सैना, अनुज कुमार, ग्रामीण आदि उपस्थित रहे।

——————————————————-