मैनपुरी 13 मई, 2022- खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने विकास खंड सुल्तानगंज के ग्राम अहिरवा में 01 करोड़ 20 लाख की लागत से 400 पशु क्षमता के निर्मित गौ-संरक्षण केंद्र का निरीक्षण, गौ-पूजन, वृक्षारोपण करते हुए कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार ने किसानों को आवारा, बेसहारा गोवंश से निजात दिलाने के लिए प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर गौशालाओं का निर्माण कराकर इनमें बड़ी संख्या में गोवंश रखे हैं साथ ही मुख्यमंत्री गोवंश सहभागिता योजना के तहत संचालित गौ-संरक्षण केंद्रों में उपलब्ध गौवंश को गौपालकों को लेने पर एक पशुपालक को 04 गोवंश तक दिए जाने का प्राविधान किया गया है, प्रत्येक गोवंश के भरण-पोषण हेतु 900 रू. प्रति माह की दर से धनराशि दिए जाने का भी प्राविधान शासन स्तर से किया गया है, संचालित गौ-आश्रय स्थलों को स्वावलंबी बनाने के लिए दूध, गोबर, गोमूत्र की बिक्री के भी प्रबंध किए गए हैं। प्रदेश सरकार ने आमजन के हितार्थ तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, खासतौर पर किसानों की आय दोगुनी हो और किसान की आर्थिक स्थिति मजबूत हो इसके लिए भी तमाम योजनाएं संचालित है।
राज्य मंत्री ने निरीक्षण के दौरान जानकारी करने पर पाया कि वृहद गौ-संरक्षण केन्द्र में 383 गौवंश संरक्षित हैं, जिसमें 119 नर गौवंश, 182 गाय एवं 82 नंदी मौजूद हैं, संरक्षित गौवंश हेतु पर्याप्त मात्रा भूसे-चारे के साथ-साथ गौ-संरक्षण केन्द्र हेतु आरक्षित भूमि में से 03 हेक्टेयर पर हरे चारे की बुवाई की गयी है, जहां से संरक्षित पशुओं को हरा चारा खिलाया जा रहा है, गौ संरक्षण परिसर में ही स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेस-2 के अन्तर्गत बायो गैस आधारित 05 के.वी.ए. पावर जनरेट विद बायो गैस प्लांट की स्थापना की गयी है, बायो गैस प्लांट से उत्पादित विद्युत से ही गौ-संरक्षण केन्द्र की समर, जनरेटर, विद्युत आपूर्ति, पंखों का संचालन किया जा रहा है। उन्होने ग्राम प्रधान, पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सचिव से कहा कि संचालित गौ-संरक्षण केंद्र से गौवंश सहभागिता योजना के अंतर्गत पालने हेतु लेने के लिए लोगों को प्रेरित करें, गौ-संरक्षण केंद्रों से 01 गोवंश लेने पर रू. 30 प्रतिदिन के हिसाब से मिलेगा। उन्होंने कहा कि जो भी लोग गौ-संरक्षण केंद्र से जानवर ले जाएं उनका सही ढंग से भरण-पोषण करें, सत्यापन के उपरांत ही उन्हें धनराशि का भुगतान किया जाए।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने ग्राम प्रधान से कहा कि गौशाला में उपलब्ध गोवंश लेने हेतु गौपालकों को प्रेरित करें। उन्होने कहा कि कान्हा गौ पशु आश्रय स्थल, गौ-संरक्षण केद्रों से गौपालकों द्वारा लिये गये गौवंश अब उनके रोजगार का साधन बन रहे हैं, दूध के साथ-साथ गोबर से बने खाद, कंडें आदि की बिक्री से परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होने कहा कि गौशाला में पर्याप्त मात्रा में भूसा, चारा उपलब्ध है, हरे चारे की व्यवस्था परिसर में ही करायी गयी है, उपलब्ध गोवंश के स्वास्थ्य की नियमित जांच पशु चिकित्साधिकारी द्वारा की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, क्षेत्राधिकारी लाईन संतोष कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख जागीर मुनेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख घिरोर सत्यपाल यादव, ब्लॉक प्रमुख सुल्तानगंज प्रतिनिधि कश्मीर सिंह, ग्राम प्रधान अहिरवा कुलदीप यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बी.पी. शर्मा, अरविंद तोमर, विशंभर तिवारी आदि उपस्थित रहे।

1 COMMENT

Comments are closed.