कुं. आर.सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में ‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संगीत विभाग द्वारा एक विशेष सांगीतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ वह गीत है जिसने स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत देशभक्तों में आज़ादी का जोश भर दिया। उन्होंने छात्राओं को इस गीत के ऐतिहासिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में एम.ए. की छात्राओं संजना व आरजू तथा बी.ए. की छात्राओं शिवांगी और प्रदक्षिणा सहित संगीत विभाग की अन्य छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ गीत प्रस्तुत कर समूचे प्रांगण में देशभक्ति का वातावरण निर्मित कर दिया। छात्राओं के मधुर स्वर और लयबद्ध प्रस्तुति ने उपस्थित सभी शिक्षकों व छात्राओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संगीत विभाग की शिक्षिका रंगोली यादव ने कार्यक्रम के संचालन में सहयोग दिया और छात्राओं को गीत की संगीतात्मक बारीकियों से परिचित कराया।
अंत में विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकों ने प्रतिभागी छात्राओं की सराहना की और इस प्रकार के आयोजनों को राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक गौरव को सुदृढ़ करने वाला बताया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं।



