मैनपुरी(सुवि) जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने उ.प्र. की जी.डी.पी. को वन ट्रिलियन डॉलर तक पहुँचाने में जनपद की जी.डी.पी. को बढ़ाने के संबंध में जिला ओ.टी.डी., वन ट्रिलियन डॉलर सेल की त्रैमासिक समीक्षा के दौरान सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि शासन की मंशा के अनुसार प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बनाने हेतु जनपद की अर्थव्यवस्था को बढाने के लिए प्रमुख इंडिकेटर्स के आधार पर आच्छादन एवं उत्पादकता पर ध्यान दें, उन्होने कहा कि जनपद कृषि प्रदान है, इसलिए कृषि सेक्टर के उत्पादन में विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होने कहा कि प्राथमिक क्षेत्र खाद्यान्न में गत् वर्ष के सापेक्ष बढ़ोत्तरी हुयी है, गेहूं, चावल, बाजरा का उत्पादन बढ़ा है जबकि मक्का के उत्पादन में थोड़ी कमी आयी है, दलहन में अरहर, चना, मटर के उत्पादन में वृद्धि हुयी है, मूंग, उर्द की पैदावार घटी है, दुग्ध, मास, अंडा उत्पादन में काफी वृद्धि हुयी है, औद्योगिक क्षेत्र में भी इकाईयों की संख्या में वृद्धि हुयी है, जो जनपद की जीडीपी वृद्धि के लिए शुभ संकेत हैं।
जिलाधिकारी ने जिला ओ.टी.डी. सेल की समीक्षा बैठक में प्राथमिक सेक्ट-कृषि, पशुधन, वानिकी, मत्स्य, द्वितीय सेक्टर-विनिर्माण, विद्युत, गैस तथा निर्माण एवं तृतीय सेक्टर- व्यापार, होटल, परिवहन एवं वित्तीय सेवाएं आदि की क्रमवार सम्बंधित विभागीय अधिकारियों के साथ आंकडेवार जानकारी लेते हुए जनपद की वर्तमान जी.डी.पी. में उनकी सहभागिता एवं इसे बढ़ाने हेतु किये जा रहे उपायों, योजनाओ आदि के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तक पहुँचानें में जनपद स्तर पर उनके विभाग से सम्बंधित जितनी भी योजनाएं, कार्य संचालित किये जा रहे है, उनके माध्यम से जनपद की जी.डी.पी. को प्रदेश की जी.डी.पी. में लगभग एक प्रतिशत की सहभागिता सुनिश्चित कराने की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक मे जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला ने बताया कि वित्तीय वर्ष 23-24 में जनपद का सकल घरेलू उत्पाद रू. 18812.18 करोड़ रहा, जिसमें 0.73 प्रतिशत की वृद्धि हुयी, जिले की आर्थिक वृद्धि दर में सकारात्मक सुधार दर्ज किया गया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान जनपद का कुल उत्पादन लक्ष्य रू. 29522.14 करोड़ निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 81.27 प्रतिशत प्राप्ति दर्ज की जा चुकी है, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनन्द, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सोमदत्त, जिला कृषि अधिकारी अविशांक सिंह चौहान, श्रम प्रवर्तन अधिकारी चन्द्रभान सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



