मैनपुरी(सुवि) संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील कुरावली में जन-शिकायतें सुनने के दौरान जब जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख लुखरपुरा कुरावली नि. बीना देवी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि घर के सामने अभिलाख सिंह, विपिन कुमार, गुलशन कुमार आदि के द्वारा जबरन वाहनं खड़ा कर रास्ते को अवरोध करने, गली में ही जानवर बांधने के कारण आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर उन्होंने प्र. निरीक्षक कुरावली को निर्देशित करते हुए कहा कि तत्काल मौके पर जाकर जानकारी करें यदि शिकायत सही हो तो अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने, सड़क पर जानवर बांधने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग, चकरोड आमजन के आवागमन के लिए हैं, इन्हें बाधित करना किसी भी दशा में ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के द्वारा मुख्य मार्ग, चकरोड पर पालतू जानवर बांधकर अवरोध पैदा किया जा रहा है तो उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाए, चक-मार्गों पर जहां भी अनाधिकृत कब्जे हो, उन्हें तत्काल चिन्हित कर हटवाया जाए ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि आय-जाति-मूल निवास प्रमाण पत्र निर्धारित समय-सीमा में जारी किए जाएं, इसमें किसी भी स्तर पर विलंब न हो, नाम दुरूस्तीकरण की शिकायतों का तत्काल निदान हो, शिकायतकर्ता से साक्ष्य प्राप्त कर नाम संशोधन की कार्यवाही की जाए।

 

श्री सिंह ने कहा कि किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण प्रत्येक विभाग के अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है इसलिए सभी अधिकारी सजग रहकर शिकायतों का निदान करें, किसी भी दशा में निर्धारित समय-सीमा के उपरांत कोई शिकायत किसी कार्यालय में लंबित न रहे यदि समस्या का निर्धारित समय-सीमा में निदान संभव न हो तो उस पर रिपोर्ट अंकित कर वापस किया जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर निदान किया जाए, भूमि संबंधी शिकायतों पर पुलिस, राजस्व की टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में कार्यवाही करे, मौके पर उपस्थित 02 संभ्रांत व्यक्तियों के भी कृत-कार्यवाही पर हस्ताक्षर कराये जाएं, एक बार पैमाइश कराने के उपरांत यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर सुसंगत धाराओं में दंडित कराया जाए।

 

आज जन-सुनवाई के दौरान कुरावली क्षेत्र के 25 शिकायतकर्ताओं ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किये, जिसमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निदान कर फरियादियों को राहत प्रदान की। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति-5.0 कार्यक्रम के अन्तर्गत भीम नगर अम्बेडकर पार्क कुरावली में छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि मिशन शक्ति के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान पर बल दिया गया, महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य के लिये तमाम योजनायें संचालित हैं, प्रत्येक थाने में महिला हेल्प-डेस्क की स्थापना की गयी है और उस पर महिला कर्मियों की ही तैनाती की गयी है ताकि पीडित महिला अपनी बात कहने में संकोच न करे।

 

इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी कुरावली नीरज कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानन्द, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सोमदत्त, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अवधेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश बघेल, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, अनिल कुमार सक्सेना, अनुज कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।