मैनपुरी(सुवि) प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा छात्रों को दिपावली पर्व से पूर्व छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के उपरान्त कु. आर.सी. कन्या इण्टर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों को छात्रवृत्ति के सम्बन्ध में जानकारी देते हुये जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश बघेल ने बताया कि प्रदेश सरकार पूर्व दशम् छात्रवृत्ति के तहत अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग के छात्रों को रू. 2250 प्रतिवर्ष, अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग के छात्रों को रू. 03 हजार प्रतिवर्ष तथा दशमोत्तर छात्रवृत्ति के तहत अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग के छात्रों को रू. 2760 प्रतिवर्ष, अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग के छात्रों को रू. 3210 प्रतिवर्ष उपलब्ध करा रही है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि पूर्व दशम् कक्षा 09-10 में अन्य पिछड़ा वर्ग के 4654 छात्रों को रू 98.48 लाख, अनुसूचित वर्ग के 1861 छात्रों को रू 26.05 लाख, सामान्य वर्ग के 538 छात्रों को रू 16.14 लाख एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 312 छात्रों को रू 09.18 लाख तथा दशमोत्तर कक्षा 11-12 में अब तक अन्य पिछड़ा वर्ग के 852 छात्रों को रू. 25.34 लाख, अनुसूचित वर्ग के 803 छात्रों को रू 94.14 लाख, अल्पसंख्यक वर्ग के 248 छात्रों को रू 07.28 लाख एवं सामान्य वर्ग के 283 छात्रों को 08.23 लाख की धनराशि उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि अब तक जनपद के कुल 9551 छात्रों को रू. 284.84 लाख छात्रवृत्ति के रूप में उपलब्ध कराया जा चुका है।
इस दौरान अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रंजना शुक्ला, प्रधानाध्यापिका कुं. आर.सी. कन्या इंटर कॉलेज प्रभा कुमारी आदि उपस्थित रहे।



