
मैनपुरी(सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण के लिए संवेदनशील रहें, सभी कार्यालयों में समस्त अधिकारी, कर्मचारी निर्धारित समय प्रातः 10 से कम से कम 10 मिनट पूर्व अपने कार्यालय में अवश्य पहुंचे और पूरे समय कार्यालय उपस्थित रहकर शासकीय कार्यों का संपादन करें, कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें, फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार किया जाए, उनकी शिकायत को गंभीरता से सुन प्रभावी निराकरण किया जाए, शिकायतों के निस्तारण में हीला हवाली कदापि न की जाए, कार्यालय में आने वाले आमजन के लिए पीने के पानी की व्यवस्था रहे, सभी शासकीय कार्यालयों में बेहतर माहौल दिखे, कार्यालय की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। क्षेत्रीय भ्रमण पर जाना हो तो भ्रमण पंजिका में विवरण अंकित करने के पश्चात ही कार्यालय से भ्रमण पर जाएं। उन्होंने कहा कि खासतौर पर कृषि, खाद्य एवं रसद, नगर निकाय, राजस्व, विकास विभाग के अधिकारी जन-समस्याओं के त्वरित निस्तारण के प्रति सजग रहें, अधिकांश शिकायतें इन्हीं विभागों से संबंधित होती हैं इसलिए इन विभागों के अधिकारी जन शिकायतों के निराकरण में अधिक सतर्कता बरतें, तथ्यहीन निस्तारण आख्या किसी दशा में उपलब्ध न कराई जाए, ऑनलाइन पोर्टल, आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आदि के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण किया जाए।
श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस पर कार्य कर रही है, सरकारी कार्यालयों में लोगों के काम पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएं, उन्हें संचालित योजनाओं का लाभ पात्रता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, किसी भी कार्यालय में कोई शिकायत, पत्रावली अकारण लंबित न रहे, सुनिश्चित किया जाए यदि किसी कार्यालय में अनुचित धनराशि की मांग यदि किसी के द्वारा की जाए तो उसके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए, किसी भी सरकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा यदि कहीं इस प्रकार की शिकायत मिली तो संबंधित कार्मिक के साथ-साथ कार्यालयाध्यक्ष की भी जिम्मेदारी तय होगी। उन्होने कहा कि जिस अधिकारी, कर्मचारी की जिस तहसील, विकासखंड स्तर पर तैनाती है, वह अपने तैनाती स्थल पर ही रात्रि विश्राम करें, किसी भी दशा में तैनाती मुख्यालय न छोड़े, संबंधित तहसील, विकासखंड पर ही रहे, यदि भविष्य में तहसील, ब्लॉक स्तर पर तैनात अधिकारी रात्रि में तहसील ब्लाक मुख्यालय पर रात्रि विश्राम करते न पाए गए तो उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी सरकारी भवन पर अनाधिकृत कब्जा न रहे, किसी भी विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, पशु चिकित्सालय, पंचायत घर आदि पर किसी व्यक्ति द्वारा सामान न रखा जाए और नाही जानवर बांधे जाएं, संबंधित विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें, सभी विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को अपने-अपने सरकारी भवनों, शासकीय सम्पत्ति की जानकारी रहे। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



