मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जन-शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि दबंगई-गुंडई करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाये, सुनिश्चित किया जाये कि किसी भी व्यक्ति द्वारा गरीब का शोषण न किया जाये, शिकायतकर्ता की बात अधिकारी गंभीरता से सुनें, समस्या का निदान त्वरित एवं समयबद्ध ढंग से किया जाये, किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के निदान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, अधिकारी प्रत्येक शिकायत का व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान निराकरण करें। उन्होने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायत को राजस्व, पुलिस विभाग गंभीरता से ले, मौके पर जाकर तत्काल अनाधिकृत कब्जा हटवाये जायें, कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे न रहें। उन्होने कहा कि गलत विद्युत बिलिंग व्यवस्था के कारण तमाम उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है, विद्युत विभाग की कार्यशैली के कारण किसी भी उपभोक्ता को कठिनाई का सामना न करना पड़े, विद्युत विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निराकरण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है, जन-समस्याओं के निस्तारण की समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जा रही है, यदि किसी भी विभाग में शिकायत का समय से निस्तारण न हुआ तो संबंधित विभाग के अधिकारी की जिम्मेदारी तयकर उसके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से वार्ता अवश्य की जाए, शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर ही शिकायत का निस्तारण माना जाए, जिला स्तरीय अधिकारी अधीनस्थों की रिपोर्ट पर निर्भर न रहें, शिकायत का संज्ञान स्वयं ले, इसमें किसी भी स्तर पर विलंब, कोताही न बरती जाए।

जन-सुनवाई के दौरान ग्राम अटा नि. मंजू देवी ने कृषि यंत्रों पर अनुदान योजना के तहत बैंक खाते में सत्यापन के उपरांत भी अनुदान राशि का भुगतान न किये जाने, नगला गजू नि. उमा देवी ने आपसी रंजिश के चलते विपक्षियों द्वारा बेटे के खिलाफ झूठी व गलत प्राथमिकी दर्ज कराये जाने, नगरिया गनेश नि. दिव्यांशी ने गांव के रामसनेही, गीता, आदेश एवं सोनू आदि द्वारा मारपीट, गाली-गलोच कर जान से मरने की धमकी देने, नगला भट्टा नि. काजल ने विपक्षियों द्वारा मारपीट किये जाने तथा थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज न किये जाने, ग्राम ररूआ नि. अनीता ने धारा-24 के तहत मेढ़बंदी कराये जाने, देवपुरा नि. जयप्रकाश सिंह चौहान ने विद्यालय स्वामी कौशलेन्द्र द्वारा लगभग 01 वर्ष बीत जाने के उपरांत भी किताबों का पेंमेंट न किये जाने, ग्राम भैंसामई नि. माण्डवी ने दबंगों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाये जाने, ग्राम हरचंदरपुर नि. रेनू ने गाटा संख्या-1044, 1107 पर दबंगों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को हटवाये जाने, बुझिया नि. शीला देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ दिलाये जाने, कुसमरा नि. संजय कुमार ने भूमि पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाये जाने, ग्राम रोहेला नि. शिवम ने बदमाश एवं दबंग किस्म के व्यक्तियों द्वारा भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को कब्जामुक्त कराये जाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, क्षेत्रीय उपाध्य७क्ष आलोक गुप्ता, उदय चौहान, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा के अलावा उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार, विद्युत विभाग से लालू जादौन आदि उपस्थित रहे।