मैनपुरी(सुवि)जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में संचालित विभिन्न योजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा के दौरान मा. सांसद डिंपल यादव ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि संचालित जन कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र को आसानी से मिले, जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाये, विद्युत उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, किसानों को समय से यूरिया, डी.ए.पी. की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाये, आकस्मिक दुर्घटना, निराश्रित पशु के हमलों में मृतकों के परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा में लाभान्वित कराया जाये, जिन ग्रामों में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन ग्रामांे की सड़कों, सी.सी. रोड की मरम्मत प्राथमिकता पर करायी जाये। उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना की समीक्षा के दौरान पाया कि मानव दिवस सृजन के वार्षिक लक्ष्य 33.38 लाख के सापेक्ष अब तक 14.67 लाख मानव दिवस सृजित हो चुके हैं, अब तक सृजित मानव दिवस 24.91 प्रतिशत अनुसूचित जाति एवं 35.54 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कराई गई है, जानकारी करने पर उपायुक्त मनरेगा ने बताया कि जनपद के जॉब कार्ड धारकों को मांग के अनुसार समय से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, जनपद के समस्त ग्राम पंचायतों में मनरेगा से कार्य संचालित हो चुके हैं, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर योजना में 10 में से 10 अंक प्राप्त कर जनपद ए-प्लस श्रेणी में है।

IMG 20250828 WA0009

सांसद ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान पाया कि जनपद में अब तक 10529 स्वयं सहायता समूह गठित हो चुके हैं, चालू वित्तीय वर्ष में 350 समूह गठित करने का लक्ष्य शासन स्तर से प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष 14 अगस्त तक 178 समूह गठित किये जा चुके हैं, जिस पर उन्होने उपायुक्त एन.आर.एल.एम. से कहा कि गठित सभी समूह क्रियाशील रहें, उनके उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, समूहों के संचालन में महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, महिलाएं समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर, स्वावलम्बी बनें और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो, अधिकारी इस दिशा में कार्य करें। उन्होने समीक्षा के दौरान पाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में 11274 व्यक्तियों को योजना में लाभान्वित किया जा चुका है, जिसमें से 11274 आवास पूर्ण हो चुके हैं, स्वच्छ भारत मिशन शहरी में व्यक्तिगत शौचालय लक्ष्य 12249 के सापेक्ष 12249 शौचालय पूर्ण हो चुके हैं, पिंक शौचालय के 55 लक्ष्य के सापेक्ष 45, सामुदायिक शौचालय 262 के लक्ष्य के सापेक्ष 262 एवं सार्वजनिक शौचालय के 141 लक्ष्य के सापेक्ष 141 की पूर्ति की जा चुकी है वहीं स्वच्छ भारत मिशन योजना ग्रामीण में व्यक्तिगत शौचालय लक्ष्य 56336 के सापेक्ष 55453, सामुदायिक शौचालय लक्ष्य 549 के सापेक्ष 549 की पूर्ति हो चुकी है, सभी सामुदायिक शौचालय क्रियाशील है, जल जीवन मिशन ग्रामीण के अंतर्गत 2,59,933 परिवारों के सापेक्ष 2,52,997 परिवारों को गृह नल संयोजन उपलब्ध कराये जा चुके हैं।

सांसद, समिति अध्यक्ष द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करने पर पाया कि राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान पाया कि 01 अपै्रल 2025 तक जनपद में 96704 वृद्धों को वृद्धावस्था पेंशन से लाभान्वित कराया जा रहा था, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 3302 नये पात्रों को लाभान्वित कराया जा चुका है, वृद्धावस्था पेंशन में कुल 100006 लाभार्थी, निराश्रित महिला पेंशन योजना में 34802 महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन से लाभान्वित कराया जा रहा था, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 1094 नये पात्रों को लाभान्वित कराया जा चुका है, निराश्रित महिला पेंशन में कुल 35896 लाभार्थी एवं 12098 दिव्यांगों को दिव्यांग पेंशन से लाभान्वित कराया जा रहा था, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 337 नये पात्रों को लाभान्वित कराया जा चुका है, दिव्यांग पेंशन में कुल 12435 लाभार्थियों को योजना में लाभान्वित किया जा रहा है, जनपद को इस योजना में भी 10 में से 10 अंक प्राप्त हुए, समस्त पेंशन योजनाओं में जनपद ए-प्लस कैटेगरी में है। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में प्राप्त 379 आवेदन पत्रों के सापेक्ष 377 आवेदन पत्रों को स्वीकृत कर पात्रों को रू. 100 लाख की धनराशि उपलब्ध कराकर जनपद 10 में से 10 अंक प्राप्त कर ए-प्लस श्रेणी में है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 23651 व्यक्तियों को योजना में लाभान्वित किया जा चुका है, जिसमें से 23578 आवास पूर्ण हो चुके हैं एवं 73 आवास निर्माणाधीन है, आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को 28291.2 लाख की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है।

सदस्य लोकसभा ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करने पर पाया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 0-01 वर्ष तक के बच्चों को पूर्ण प्रतिरक्षित लक्ष्य 17394 के सापेक्ष 17149 की पूर्ति की गई, गर्भवती महिलाओं के लक्ष्य 19950 के सापेक्ष 19366 की पूर्ति की जा चुकी है, जननी सुरक्षा योजना में 7980 लक्ष्य के सापेक्ष 4966 की पूर्ति की जा चुकी है, शत-प्रतिशत प्रसुताओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है, इस योजना के अंतर्गत प्रसूता लाभार्थी को निःशुल्क उपचार, जांच एवं ड्रॉपबैक की सुविधा प्रदान की जा रही है, एंबुलेंस-102, 108 निर्धारित रिस्पांस टाइम में मरीज तक पहुंच रही हैं, एम्बुलेंस रिस्पांस टाइम में जनपद ए-प्लस कैटेगरी में है, पोषण पुनर्वास केंद्र में माह जुलाई तक 74 मैम बच्चों को भर्ती कराकर स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया गया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत 45894 अंत्योदय योजना, 2,84,671 पात्र गृहस्थ योजना के राशन कार्ड धारकों के 13,09,533 यूनिट को लाभान्वित किया जा रहा है, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत अन्त्योदय कार्ड धारकों को प्रतिकार्ड 35 किलो खाद्यान्न तथा एवं पात्र गृहस्थ राशनकार्ड धारकों को प्रति यूनिट 05 किलो खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जनपद में 1,71,816 लाभार्थियों को आच्छादित किया गया है जिसमें बी.पी.सी.एल. के 58130, एच.पी.सी.एल. के 10,457 एवं आई.ओ.सी.एल. के 1,03,229 उज्जवला कनेक्शन धारक है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, डिजिटल भारत भू-अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी अर्बन मिशन, अटल मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, मिड-डे-मील, प्रधानमंत्री कौशल विकास, डिजिटल इंडिया, समेकेतिक विद्युत विकास योजना, ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना कार्यक्रम आदि की बिंदुवार गहन समीक्षा की।

बैठक में विधायक, विधान परिषद सदस्य सहित अन्य जन-प्रतिनिधियों, समिति के सदस्यों ने जंगली जानवरों के हमले से मृत भेड़ों के स्वामियों को मुआवजा दिलाये जाने, विधायक निधि से विगत् 03 माह पूर्व स्थापित की गयी सोलर लाइट की गुणवत्ता की जांच कराने, जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन डालने हेतु सी.सी. सड़कों, अन्य सड़कों की मरम्मत कराये जाने, जिन ग्रामों में कार्य पूर्ण हो चुका है वहां की सूची, मर्जर किये गये विद्यालयों की छात्र संख्यावार सूची किसानों को डी.ए.पी., यूरिया प्राप्त करने में हुयी कठिनाईयों, सहकारी समितियांे पर वितरण में बरती गयी अनियमितताओं के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों ने बताया कि जिन ग्रामों में पाइप लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर कराई जा रही है, जनपद में पर्याप्त मात्रा में यूरिया, डी.ए.पी. की उपलब्धता है, यूरिया वितरण में शिकायतें प्राप्त हुईं, वितरण में गड़बड़ी करने पर 02 व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई, 13 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त एवं 20 विक्रेताओं के लाइसंेस निलम्बित किये गए है, 143 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, 43 नमूनें परीक्षण हेतु भेजे गये हैं, रिपोर्ट प्राप्त होने पर दोषी पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जायेगी।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने सांसद को आश्वस्त करते हुए कहा कि दिए गए बहुमूल्य मार्गदर्शन, जन-प्रतिनिधियों के सुझावों पर तत्काल कार्यवाही होगी, संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान के व्यक्ति तक बिना किसी कठिनाई के पहुंचे सुनिश्चित होगा, विद्युत विभाग समस्याओं का प्राथमिकता पर निदान कराया जायेगा। उन्होने सांसद के साथ बैठक में उपस्थित अन्य जन-प्रतिनिधियों को बताया कि जन-प्रतिनिधियों के मार्ग-दर्शन, सहयोग के कारण जनपद विकास के पायदान पर प्रदेश में टॉप-10 में शामिल है।

बैठक में विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री, विधायक करहल तेज प्रताप यादव, विधायक किशनी इं. बृजेश कठेरिया, सदस्य विधान परिषद मानवेन्द्र सिंह, मुकुल यादव, समिति के सदस्य, अन्य जन-प्रतिनिधियों के अलावा अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनन्द, अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजय कुमार मल्ल, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने किया।