मैनपुरी(सुवि)केन्द्र सरकार द्वारा दि. 01 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक चलाये जा रहे वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत जिले के अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ इंडिया द्वारा मैनपुरी एवं उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के द्वारा विकास खंड घिरोर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अन्तर्गत लाभार्थियों को रू. 06 लाख के चेक वितरित कर वित्तीय समावेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रामीण भारत में डिजिटल लेनदेन, सामाजिक सुरक्षा बीमा और पेंशन योजनाओं में भागीदारी से न केवल वित्तीय सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वह आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाएं साथ ही उन्होने साईबर फ्रॉड एवं शिकायत निवारण प्रणाली से ग्रामीणों को अवगत कराया इसके पश्चात बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक प्रबन्धक ने ई-केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) के लाभों पर जोर दिया और ग्रामीणों से इस संतृप्ति अभियान के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरा करने का अग्रह किया।

भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबन्धक एवं उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबन्धक ने ग्रामीणों को उनके खातों और व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखने के तरीकों के बारे में जानकारी देते हुये आज के तकनीकी युग में डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के बारे में जागरूक किया। विशेष वित्तीय साक्षरता शिविर में ग्रामीणों को भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं यथा-प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को योजनाओं के साथ-साथ अपने खातों को जोड़ने और ई.-केवाईसी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान शिविर में बैंक के अधिकारियों, वित्तीय सलाहकारों, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों और बैंक मित्रों ने सक्रिय भागीदारी की और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। शिविर को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया, शिविर में 360 से अधिक खातों का ई-केवाईसी अद्यतन किया गया, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर ही विभिन्न योजनाओं में अपना पंजीकरण कराया और लाभान्वित हुए। इस शिविर ने वित्तीय सेवाओं को सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाकर वित्तीय समावेशन अभियान को एक नई गति दी है।

अग्रणी जिला प्रबन्धक रामचन्द्र साहा ने आयोजन में सहभागिता के लिए सभी को धन्यवाद दिया। शिविर में बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक प्रबन्धक सुनीत कुमार अग्रवाल, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबन्धक किशोर कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के सर्किल हैड उदय महापात्रा, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबन्धक जे.सी. मत्ती, भारतीय रिज़र्व बैंक से एलडीओ नितिन कुमार, भारतीय रिज़र्व बैंक से अभिषेक मंगल उपस्थित रहे।