मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कर-करेत्तर, राजस्व कार्याें की समीक्षा के दौरान असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद भू-आवंटन, स्वामित्व घरौनी, जन-सुनवाई में सी-श्रेणी एवं राजस्व प्राप्ति में डी-श्रेणी में चल रहा है, किसी भी तहसील की वसूली संतोषजनक नहीं है, तहसील मैनपुरी, घिरोर को छोड़ तहसील करहल, भोगांव, किशनी, कुरावली में आवास आवंटन की प्रगति बेहद निराशाजनक है, मत्स्य पट्टा आवंटन में भी प्रगति ठीक नहीं है, तहसील सदर में ही मात्र 07 हेक्टेयर तालाब का आवंटन किया गया है, अन्य तहसीलों में मत्स्य आवंटन की पत्रावलियां स्वीकृत हेतु लंबित हैं, उप जिलाधिकारी तत्काल लंबित मत्स्य आवंटन की पत्रावलियों को स्वीकृत करें ताकि मत्स्य पालकों को योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, सहायक महा निरीक्षक निबंधन, डिप्टी कमिश्नर जीएसटी, खनन निरीक्षक, सचिव मंडी को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने विभागीय राजस्व प्राप्ति के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत वसूली करना सुनिश्चित करें, अवैध शराब, डग्गेमार ओवरलोड वाहनों का संचालन किसी दशा में न हों। उन्होंने जीएसटी विभाग की समीक्षा के दौरान नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग द्वारा भेजी गई आर.सी. की अवशेष राशि आर.सी. भेजने के बावजूद कार्यालय में जमा कराकर आर.सी. को निरस्त किया गया, जो नियम विरुद्ध है। उन्होंने जानकारी करने पर पाया कि जीएसटी में 03 डिप्टी कमिश्नर जनपद में तैनात है, जिसमें से बैठक में सिर्फ 01 डिप्टी कमिश्नर उपस्थित हुए जिस पर उन्होंने अनुपस्थित दोनों डिप्टी कमिश्नर को कारण बताओं नोटिस जारी करने के साथ ही अग्रिम आदेशों तक वेतन आहरित न किये जाने के निर्देश दिए।

श्री सिंह ने समीक्षा के दौरान कहा कि तहसील मैनपुरी में 27 करोड़ 90 लाख, तहसील भोगांव में 25 करोड़ 14 लाख, तहसील करहल में 16 करोड़ 18 लाख, तहसील किशनी में 16 करोड़ 30 लाख एवं तहसील कुरावली में 14 करोड़ 19 लाख की आर.सी. लंबित है। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि लंबित आर.सी. की वसूली प्राथमिकता पर करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि अमीनों से निर्धारित मानक के अनुसार वसूली कराई जाए, तहसील करहल में अमीनवार वसूली की प्रगति खराब है, प्रतिदिन अमीनवार आर.सी. की वसूली की समीक्षा उप जिलाधिकारी स्वयं करें, माह के अंत तक आर.सी. की वसूली की प्रगति में सुधार दिखे। उन्होंने समीक्षा के दौरान कहा कि जनपद में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति संतोषजनक है, 08 लाख 96 हजार के सापेक्ष 07 लाख 47 हजार डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है, अभी 01 लाख 49 हजार का सर्वे होना शेष है, जिसमें सर्वाधिक 01 लाख 36 हजार तहसील भोगांव में एवं 13 हजार तहसील करहल में शेष है, शेष तहसीलों ने डिजिटल क्रॉस सर्वे का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया है, जिस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी भोगांव, करहल को आदेशित करते हुए कहा कि अगले 02 दिन में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों से कहा कि तहसील में जो भी ऑडिट, आपत्ति लंबित है, उनके प्रस्ताव शीघ्र भेजना सुनिश्चित करें, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार दायरा के अनुसार वादों का निस्तारण करें, पुराने वादों पर जल्दी-जल्दी तिथि देकर निस्तारित किए जाएं। उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया की तहसील किशनी में धारा-33 के 31 वाद राजस्व निरीक्षक स्तर पर लंबित है, धारा-38 (2) का 01 वाद उप जिलाधिकारी किशनी, 02 वाद उप जिलाधिकारी घिरोर के यहां 01-03 वर्ष की अवधि के लंबित है, धारा-67 के 03-05 वर्ष का 01-01 वाद तहसील सदर, घिरोर में लंबित है। उन्होंने उप जिलाधिकारियों से कहा की धारा-67 के वाद निर्णित करते समय नजरी-नक्शा अवश्य लगाया जाए साथ ही जो भी जुर्माना लगे उसकी वसूली प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भू-माफिया का चिन्हांकन कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए, एक बार कब्जा हटवाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद मे पीडीएस की रिक्त 18 दुकानों का आवंटन प्राथमिकता पर कराना सुनिश्चित करें, जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि रिक्त 18 दुकानों में से 05 के आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, 03 पर कोर्ट का स्टे है, 02 के आवंटन की प्रक्रिया संचालित है, 08 दुकानों का आवंटन होना शेष है, जिस पर उन्होंने शेष दुकानों का आवंटन भी तत्काल कराये जाने के निर्देश दिये।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनंद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञानेश्वर प्रसाद, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजय कुमार मल्ल, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज यादव, डिप्टी कलेक्टर धु्रव शुक्ला, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, कुरावली, घिरोर, अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, नीरज द्विवेदी, प्रसून कश्यप, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, जिला आबकारी अधिकारी हितेन्द्र कुमार शेखर, प्रशासनिक अधिकारी हरेन्द्र कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी, कलैक्ट्रेट के विभिन्न अनुभाग प्रभारी, पटल सहायक आदि उपस्थित रहे।