मैनपुरी(सुवि)स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की धर्मपत्नी कात्यानी देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित करने के पश्चात अपने सम्बोधन में कहा कि हमें अपने यूथ को सही दिशा में ले जाना है यदि हमें वर्ष 2047 तक अपने देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करना है तो देश के युवाओं को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन देश हित में करना होगा, सभी नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी करना होगा। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश ने हर क्षेत्र में असीम सफलताएं अर्जित की हैं, आर्थिक रूप से हम पूरी तरह स्वतंत्र हैं, समाज में फैली कुरीतियां भी दूर हो चुकी है, हम कुरीतियों से आज पूरी तरह आजाद हो चुके हैं, खाद्यान्न से लेकर चिकित्सा, स्वास्थ्य, रक्षा के क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर हैं। उन्होने कहा कि आजादी के समय के हालात और वर्तमान के हालात में यदि अंतर किया जाये तो उस समय हमारा देश तमाम विघ्न-बाधाओं से ग्रसित था, सामाजिक, सांप्रदायिक, राजनैतिक, कई प्रकार की विसंगतियां हमारे देश में थी, आज हम हर क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर है, हम अर्थव्यवस्था के मामले में भी विश्व की तीसरे नम्बर की अर्थव्यवस्था के रूप में हैं।

श्री सिंह ने कहा कि निजी स्वार्थ में वशीभूत होकर हमारे मन में सबसे पहले परिवार, समाज के हित आते हैं यदि मन टटोलकर देखें तो देश हित सबसे बाद में आता है जबकि हम सबको देशहित सर्वाेपरि रखना चाहिए, व्यक्तिगत स्वार्थ कभी भी देश हित से ऊपर न हो। उन्होंने सभी का आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोग देशहित में कार्य करें, प्रत्येक कदम देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर हेतु उठंे। उन्होंने कहा कि बढ़ती हुई जनसंख्या भी हमारे सामने एक गंभीर चुनौती बनी हुई है, आज हम जनसंख्या के आधार पर नंबर एक पर पहुंच चुके हैं, प्रत्येक नागरिक को जनसंख्या नियंत्रण पर भी गंभीरता से विचार करना होगा। उन्होने सभी का आव्हान करते हुये कहा कि देश को प्रगति के पथ पर बढ़ाने के लिए सभी को योगदान करना होगा, समाज के अंतिम व्यक्ति तक संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना होगा, प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा के साथ करना होगा तभी देश प्रगति करेगा और देश को आजाद कराने वाले बलिदानियों का सपना साकार होगा।
गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनंद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञानेश्वर प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला, शिव नरेश सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्वेता सैनी, सेवानिवृत्त सत्य प्रकाश द्विवेदी, आपदा विशेषज्ञ अंकिता सक्सेना, बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किये, जैक एंड जिल स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राष्ट्रभक्ति पर आधारित गीत ’’कहते हैं हमको प्यार से इंडिया वाले’’, ’’जहां पैर में पायल-हाथ में कंगन, हो माथे पर बिंदिया’’, ’’ए मेरे वतन के लोगों-जरा आंख में भर लो पानी जो शहीद हुए हैं उनकी याद करो कुर्बानी’’ पर नृत्य, नन्ही-मुन्नी बच्ची ईशा ’’एक आंख में पानी, एक आंख में अंगारे, सारे जहां से प्यारी हमारे देश की बेटियां’’ पर नृत्य एवं राशि ग्लोबल की छात्राओं ने धूमर नृत्य की मोहक प्रस्तुति दी, जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार भेंट कर हौसला अफजाई की।
इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज यादव, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला प्रोवेशन अधिकारी राजनाथ राम, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हरेंद्र कुमार, कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभाग प्रभारी, पटल सहायक सहित रोहित दुबे, वीरेश पाठक, सत्येन्द्र कुमार, अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने किया।



