
मैनपुरी (सूवि) जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया कि जनपद में होली का पर्व 17, 18 मार्च को परम्परागत तरीके से मनाया जाना प्रस्तावित है, होली के पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारी अपने-अपने विभाग से सम्बन्धित व्यवस्थाएं पूर्ण करायें। उन्होने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका, समस्त अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत को निर्देशित किया है कि वह अपने-अपने नगरीय क्षेत्रों की नालियों एवं सड़कों की विशेष सफाई व्यवस्था के साथ-साथ पानी की अबाधित आपूर्ति कराना सुनिश्चित करेंगे साथ ही आबारा पशुओं के स्वच्छन्द विचरण पर भी प्रभावी रोक लगाने के लिए पर्याप्त पुख्ता इंतजाम किये जायें। उन्होने जिला पूर्ति अधिकारी व समस्त उप जिलाधिकारियों से कहा है कि होली के पर्व से पूर्व सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्नों का वितरण समय से सुनिश्चित करायें। अधीक्षण अभियंता उ.प्र. पावर कारपोरेशन को आदेशित किया है कि वह होली पर नगर एवं कस्बों से अवाधित विद्युत आपूर्ति कराना सुनिश्चित करें।
श्री सिंह ने सम्बन्धित उप जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी को आदेशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत समस्त कार्यों एवं व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालन करने के साथ-साथ पर्याप्त सतर्कता, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूर्ण उत्तरदायी होने के साथ-साथ ओबर ऑल इंचार्ज होगे। उन्होने कहा कि जनपद के समस्त थानों में गठित शांति समितियों की बैठकें होली से पूर्व सम्पन्न कर होली के पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें, संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर समुचित पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाये, इसके अतिरिक्त होली के पर्व पर किसी भी दशा में केमिकल रंगों का प्रयोग न किया जाये, किसी भी दशा में किसी नई परम्परा एवं नवीन स्थल व विवादास्पद स्थल पर होलिका दहन करने की अनुमति किसी भी दशा में प्रदान न की जाये, कतिपय स्थानों पर होली मिलन या अन्य समारोह के नाम पर अश्लील कार्यक्रमों का आयोजन किये जाते हैं, इस प्रकार के आयोजनों पर कड़ी दृष्टि रखते हुये उन पर प्रभावी रोक लगायी जाये, कोविड-19 एवं संचारी रोगों के संक्रमण से बचाव हेतु समय-समय पर निर्गत मौखिक व लिखित आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाये। उन्होने कहा कि होली के अवसर पर जिले के सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सतर्कता, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये, जिससे किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटने की कोई स्थिति उत्पन्न न हो।


