मैनपुरी (सूवि) जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मतगणना स्थल कृषि उत्पादन मंडी समिति का स्थलीय भ्रमण कर मतगणना संबंधी तैयारियों का जायजा लेने के उपरांत कहा कि विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 की मतगणना कार्य की सभी तैयारियां पूंर्ण की जा चुकी हैं, कल दि. 10 मार्च को प्रातः 08 बजे से पोस्टल बैलेट मतपत्रों की गणना से मतगणना का कार्य प्रारंभ होगा, मतगणना हेतु प्रत्येक पंडाल में 14-14 टेबल लगेंगी इसके अतिरिक्त पोस्टल बैलेट, ईटीपीबीएस की गणना हेतु अतिरिक्त टेबल लगेगी, टेबल पर प्रत्येक उम्मीदवार का 01-01 गणना अभिकर्ता मौजूद रहेगा, प्रत्येक पंडाल में वीडियो ग्राफर मौजूद रहकर गणना प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग करेंगे, सीसीटीवी कैमरे 360 डिग्री पर कवर करेंगे, पूरी गणना पंडाल सीसीटीवी की जद में रहेगा, गणना स्थल की प्रत्येक गतिविधि सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी में कैद होगी, गणना की समाप्ति तक सीसीटीवी कैमरे निर्वाध रूप से चालू रहेंगे, स्ट्रॉगरूम से गणना पंडाल तक कंट्रोल यूनिट पूरी सुरक्षा के साथ पहुंचेगी, इस कार्य की भी निरतंर वीडियोग्राफी सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से रिकार्डिंग होगी।
श्री सिंह ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन का अंतिम चरण लेकिन सबसे महत्वपूर्ण मतगणना का कार्य एरर फ्री, निष्पक्ष रूप से संपादित कराया जायेगा, पोस्टल बैलेट की गिनती हेतु अलग कार्मिक लगाये गये हैं, जबकि ईटीपीबीएस की गणना हेतु अन्य कार्मिकों की तैनाती की गयी है, प्रत्येक टेबल पर माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात रहेंगे। उन्होने कहा कि गणना का कार्य निरन्तर रूप से चलेगा, किसी भी विधान सभा का गणना एजेण्ट अपनी निर्धारित सीट छोड़कर दूसरे स्थान पर नहीं जायेगा। उन्होने कहा कि मतगणना स्थल पर किसी भी प्रत्याशी, गणना अभिकर्ता, गणना कर्मी को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी, कोई भी अधिकृत व्यक्ति जो गणना स्थल में प्रवेश करेगा उसे अपने साथ इलैक्ट्रानिक गैजेट्स, मोबाइल, कैमरा, बीड़ी, माचिस, ज्वलनशील पदार्थ, कैलकुलेटर, डिजिटल घड़ी, अस़़्त्र, शस्त्र., पानी की बोतल ले जाने की अनुमति नहीं होगी, कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति किसी भी दशा में मण्डी में प्रवेश नहीं कर सकेगा, जो भी गणना अभिकर्ता गणना स्थल पर प्रवेश करेगें वह गणना का कार्य पूर्ण होने के पश्चात ही बाहर जा सकेगें यदि कोई बीच में जाना चाहेगा तो वह अपना पास जमा करने के उपरान्त ही बाहर जा सकेगे और उन्हें पुनः प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। उन्होने बताया कि गणना स्थल कृषि उत्पादन मंडी समिति में त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है, मंडी परिसर में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा, जिन कार्मिकों, गणना एजेंटों की तैनाती की गयी है वही अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाकर गणना परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम जी मिश्र ने बताया कि विधान सभा क्षेत्र मैनपुरी, भोगांव, किशनी, करहल के प्रत्याशी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता, गणना अभिकर्ता मंडी के गेट नम्बर-03 स्टेडियम के सामने से प्रवेश करेंगे, उनके वाहन खड़े करने की व्यवस्था स्टेडियम में की गयी है, मतगणना कार्मिक गणना कार्य में लगे अधिकारी, अन्य कर्मचारी, मीडिया कर्मी कृषि उत्पादन मंडी समिति के गेट नम्बर-01 से प्रवेश करेंगे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय, क्षेत्राधिकारी नगर अमर बहादुर आदि उपस्थित रहे।