मैनपुरी(सूवि) जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 की मतगणना शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित, त्रुटिरहित एवं सकुशल रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मतगणना हेतु मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की है। उन्होने बताया कि कृषि उत्पादन मंडी समिति के गेट नम्बर-01 पर बंदोबस्त अधिकारी लालता प्रसाद अहिरवार, गेट नम्बर-02 पर डिप्टी कलेक्टर नरेन्द्र सिंह, गेट नम्बर-03 पर राजस्व अधिकारी प्रेम प्रकाश, 100 मीटर पैदल क्षेत्र एवं फर्स्ट कार्डन की परिधि हेतु उप जिलाधिकारी कुरावली वीरेन्द्र कुमार मित्तल, द्वितीय कॉर्डन की परिधि हेतु जिला विकास अधिकारी प्रवीन कुमार राय तथा तृतीय कॉर्डन की परिधि हेतु डिप्टी कलेक्टर आदेश कुमार को मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया है।
श्री सिंह ने तैनात मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया है कि मतगणना दि. 10 मार्च को कृषि उत्पादन मंडी समिति में प्रातः 06 बजे से प्रवेश करने वाले मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक, मतगणना माइक्रो आब्जर्वर, अतिरिक्त मतगणना सहायक एवं ईटीपीबीएस के मत पत्रों की मतगणना हेतु सुपरवाइजर, मतगणना सहायक, ईटीपीबीएस में नियुक्त किये गये कार्मिकों तथा प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं आदि के मतगणना सम्बन्धी जारी परिचय पत्र का भली प्रकार से जांच करने के उपरांत ही प्रवेश देना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि 100 मीटर पैदल क्षेत्र एवं प्रथम आउटर कॉर्डन में आने-जाने वाले सभी कार्मिकों के फोटो पहचान पत्र आदि की चैकिंग की जाये, द्वितीय कॉर्डन में मोबाइल, इलैक्ट्रॉनिक डिवाइस आदि को जमा कराया जायेगा, तृतीय कॉर्डन में चैकिंग के उपरांत प्रवेश दिया जाये। उन्होने तैनात मजिस्ट्रेट से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराते हुये अपने दायित्वों का निर्वहन करें।