प्राथमिक विद्यालय नगला पजाबा में उपस्थित छात्रों के सापेक्ष काफी कम मात्रा में मध्यान्ह भोजन उपलब्ध पाए जाने पर प्रधानाध्यापिका को दी सख्त हिदायत।
मैनपुरी(सुवि)सदस्य राज्य महिला आयोग रेनू गौड़ ने महिला जन-समस्या के समाधान हेतु जन-सुनवाई कार्यक्रम में पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनने के दौरान उपस्थित अधिकारियों विशेष तौर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि महिला उत्पीड़न के प्रकरण में तुरंत कार्यवाही करें, किसी के द्वारा किसी भी महिला-बालिका का शोषण न किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन केंद्र-प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है, केंद्र-प्रदेश सरकार की अधिकांश योजनाओं में परिवार की मुखिया महिला को ध्यान में रख योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होने कहा कि विभिन्न प्रकरणों में पीडित महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें न्याय दिलाने के उददेश्य से जनपद स्तर पर महिला जन-सुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता पर निदान कराया जा रहा है।
सदस्य महिला आयोग ने अपने प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र नगला पजाबा, कंपोजिट विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र गोला बाजार का औचक निरीक्षण करने पर विद्यालयों में व्याप्त अनियमितताओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को शिक्षक शिक्षा के साथ-साथ उन्हें संस्कारवान बनाने की दिशा में कार्य करें, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों में छात्रों को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ मीनू के अनुसार गुणवत्तापरक मध्यान्ह भोजन समय से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय नगला पजाबा के निरीक्षण के दौरान पाया कि विद्यालय में पंजीकृत 45 छात्रों के सापेक्ष 31 छात्र आज उपस्थित हुए, कक्षा-01 में 05 के सापेक्ष 05, कक्षा-02 में 11 के सापेक्ष 10, कक्षा-03 में 09 के सापेक्ष 06, कक्षा-04 में 08 के सापेक्ष 03, कक्षा-05 में 12 के सापेक्ष 07 छात्र उपस्थित पाए गए, विद्यालय परिसर में ही स्थापित आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत 25 छात्रों के सापेक्ष मात्र 02 बच्चे ही उपस्थित मिले, आज बच्चों को मध्यान्ह भोजन के रूप में सब्जी युक्त दाल-रोटी उपलब्ध कराई जानी थी, रसोईया द्वारा 31 बच्चों के सापेक्ष बहुत कम मात्रा में दाल बनाकर रसोई में रखी हुई थी, जानकारी करने पर रसोईया ने बताया कि अधिकांश बच्चों ने खाना खाने को मना कर दिया है, जिस पर महिला आयोग की सदस्य ने कक्षाओं में जाकर बच्चों से जानकारी की तो अधिकांश बच्चों ने बताया कि उन्होंने खाना खाने से मना नहीं किया, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका विश्वलता चौहान से कहा कि बच्चों को निर्धारित मात्रा में निर्धारित मीनू के अनुसार समय से मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए, इसमें किसी भी स्तर पर कटौती न हो, मध्यान्ह भोजन में उच्च क्वालिटी के तेल, मसाले का प्रयोग किया जाए।
श्रीमती गौड़ ने कंपोजिट विद्यालय गोला बाजार के निरीक्षण के दौरान वहां के शौचालय में ताला लगा पाए जाने, रनिंग वाटर सप्लाई बंद होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापिका से कहा कि विद्यालय परिसर में स्थापित शौचालय समय से खुलें, टंकी में नियमित रूप से पानी भरा जाए ताकि बच्चों को शौचालय, हाथ धोने हेतु पानी की उपलब्धता रहे, जानकारी करने पर पाया कि विद्यालय में कक्षा-01 में पंजीकृत 21 के सापेक्ष 19, कक्षा-02 में पंजीकृत 30 के सापेक्ष 22, कक्षा-03 में 36 के सापेक्ष 25, कक्षा-04 में 43 से सापेक्ष 32, कक्षा-05 में 21 के सापेक्ष 19, कक्षा-6 में 24 के सापेक्ष 17, कक्षा-07 में 15 के सापेक्ष 11 एवं कक्षा-8 में पंजीकरण 16 के सापेक्ष 12 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले, विद्यालय परिसर में ही संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में 30 बच्चों के सापेक्ष 17 बच्चे उपस्थित पाए गए, आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को धूप में बिठाया गया था, जिस पर जानकारी करने पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय भवन क्षतिगस्त होने के फलस्वरुप ध्वस्त किया जा चुका है, परिसर में मात्र 02 कक्ष ही है, जिनमें सभी बच्चों को एक साथ बिठाकर पढ़ाया जा रहा है, आंगनबाड़ी कक्ष में कक्षा-06 से 08 के बच्चे बैठे हुए पाए गए, जिस पर उन्होंने प्रधानाध्यापिका के साथ आंगनवाड़ी सहायिका को निर्देशित किया की धूप में बच्चों को न बिठाया जाए बल्कि आंगनबाड़ी कक्ष में ही बच्चों को बिठाकर पढाया जाए, आंगनबाड़ी कार्यकत्री मौके पर उपस्थित नहीं मिलीं, सहायिका द्वारा बताया गया कि वह सर्वे का कार्य करने गई हैं, मौके पर आंगनबाड़ी केंद्र की उपस्थिति पंजिका, बच्चों के बैठने हेतु उपलब्ध फर्नीचर, खिलौने आदि भी उपलब्ध नहीं पाये गये। उन्होने जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान समस्त व्यवस्थाएं बहुत अच्छी पाई गई, कारागार में तारकशी का कार्य बहुत बेहतरीन तरीके से किया जा रहा है और महिलाओं द्वारा सिलाई करके काफी अच्छे-अच्छे वस्त्र बनाए जा रहे है।
निरीक्षण, जन-सुनवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्र. निरीक्षक महिला थाना हेमलता सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी चन्द्रभान सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी रविंद्र गौर, व्यायाम शिक्षक राकेश बाबू आदि उपस्थित रहे।
——————————————————
मैनपुरी 20 मार्च, 2025- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उ.प्र. शासन जयवीर सिंह दि. 22 मार्च को जनपद भ्रमण पर पधार रहे हैं, मंत्री जी प्रातः 09.15 बजे से पुलिस लाइन के सामने ट्राजिस्ट हॉस्टल में जन-समस्याएं सुनेंगे, दोपहर 12.30 बजे शहीद पार्क नगर पालिका में पूर्व विधायक स्व. श्री लल्लू सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण करेंगे, अपरान्ह 01.30 बजे मयंक गार्डन हंस नगर राधा रमन रोड पर उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वाधान में लाभार्थियों को निःशुल्क टूल-किट वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे, अपरान्ह 02.45 बजे ग्राम चिलौंसा बेवर में स्व. प्रेमपाल सिंह जी की प्रथम पुण्यतिथि एवं मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे, अपरान्ह 04 बजे माधव गेस्ट हाउस भदावर हाउस में क्षत्रिय होली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे, अपरान्ह 05 बजे नुमाईश ग्राउण्ड में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के तत्वाधान में आयोजित श्री देवी मेला एवं कृषि सुधार प्रदर्शनी के शुभारंभ एवं अन्य कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे, अपरान्ह 05.45 बजे निज आवास सिरसागंज के लिए प्रस्थान करेंगे। दि. 23 मार्च को अपरान्ह 01.15 बजे शगुन मैरिज होम हरिदर्शन नगर में राष्ट्रीय वैश्य एकता परिषद द्वारा आयोजित युवक-युवती सजातीय परिचय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करने के उपरांत अपरान्ह 02 बजे जनपद फिरोजाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे।
——————————————————
मैनपुरी 20 मार्च, 2025- श्रम प्रवर्तन अधिकारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय कोरई आगरा में कक्षा-06 और कक्षा-09 के लिए आयोजित हुए प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है, परीक्षा परिणाम मैनपुरी में स्थित श्रम कार्यालय, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय व अटल आवासीय विद्यालय में सूचना पट में देखा जा सकता है। उन्होने बताया कि आगरा की तहसील किरावली के ग्राम कोरई में स्थित अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा-06 एवं कक्षा-09 में 140-140 छात्र-छात्राओं की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें जनपद के कक्षा-06 में 117 एवं कक्षा-09 में 69 बच्चों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से कक्षा 06 के 22, कक्षा 09 के 18 बालक-बालिकाएं चयनित हुए। उन्होने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय कोरई आगरा में कक्षा 09 के छात्रों की काउंसलिंग दि. 21 मार्च को, छात्राओं की काउंसलिंग दि. 22 मार्च को, कक्षा-06 की बालक-बालिकाओं की काउंसलिंग दि. 23 मार्च को होगी, चयनित छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों को काउंसलिंग के दिन सभी सुसंगत अभिलेखों की मूलप्रति तथा छायाप्रति के साथ विद्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य है, मूल अभिलेखों से सही पाये जाने पर ही उक्त छात्र-छात्रा का प्रवेश विद्यालय में दर्ज किया जायेगा।



