निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्रों, बाल विकास परियोजना कार्यालयों के कार्यों पर नजर रख गुणवत्ता के साथ समय से कराये जायें पूर्ण- अंजनी कुमार।

मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला पोषण समिति की बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान कहा कि सैम-मैम बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में प्रतिमाह नियमित रूप से भर्ती करायें, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार हो तथा पोषण पुनर्वास केंद्र की सुविधाओं का शत-प्रतिशत उपयोग हो सके। उन्होने असंतोष व्यक्त करते हुये कहा कि बाल विकास परियोजना अधिकारी किशनी, बेवर एवं जागीर द्वारा नियमित रूप से बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती नहीं कराया जा रहा है, माह जनवरी में किशनी, बेवर, सुल्तानगंज से एवं माह फरवरी में भी किशनी, बेवर से एक भी सैम बच्चा एन.आर.सी. मे भर्ती नहीं कराया गया है, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होने सम्बन्धित सी.डी.पी.ओ. के साथ प्र. चिकित्साधिकारी को आदेशित करते हुये कहा कि प्रतिमाह अपने-अपने विकास खंड से कम से कम 02-02 चिन्हित सैम-मैम बच्चों के अभिभावकों को प्रेरित कर एन.आर.सी. में भर्ती कराना सुनिश्चित करें। उन्होने समीक्षा के दौरान पाया कि 1125 सैम, 5064 मैम बच्चे जनपद में चिन्हित हैं, जिसमें सर्वाधिक 184 सैम बच्चें मैनपुरी नगर, 159 बच्चे घिरोर, 158 बच्चे मैनपुरी देहात एवं 148 बच्चे बेवर क्षेत्र मंे, 863 मैम बच्चे ब्लॉक बेवर, 772 बच्चे मैनपुरी देहात, 680 बच्चे सुल्तानगंज, 570 बच्चे मैनपुरी नगर एवं 498 बच्चे घिरोर ब्लॉक में चिन्हित हैं।

श्री सिंह ने समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 में 44 आंगनाबाडी केन्द्र निर्माण के सापेक्ष 03 केन्द्रों का निर्माण कार्य शुरू न होने पर सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शीघ्र-अतिशीघ्र कार्य पूर्ण कराये, 1788 आंगनबाड़ी केन्द्रों के सापेक्ष 1165 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर इन्फ्राकिट क्रय की जा चुकी है, अभी 623 केन्द्रों पर इन्फ्राकिट क्रय होना शेष है, जिस पर उन्होने शीघ्र इन्फ्राकिट क्रय कर बच्चों हेतु उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होने पोषण ट्रैकर ऐप में माह जनवरी में प्रदर्शित आंकड़ों में 27 लाभार्थियों के आधार, 2532 लाभार्थियों के मोबाइल नंबर अद्यावधिक नहीं पाये गयें, जिसमें सर्वाधिक बाल विकास परियोजना अधिकारी किशनी, बेवर में हैं, जिस पर सम्बन्धित बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तत्काल लाभार्थियों का शत-प्रतिशत मोबाइल नंबर फीड कराना सुनिश्चित करें, गृह भ्रमण के अंतर्गत माह जनवरी में सुल्तानगंज, मैनपुरी नगर में परियोजना के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष गृह भ्रमण कम हुआ है। उन्होने निर्देशित करते हुये कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समय के अंतर्गत गृह भ्रमण करें तथा इसे पोषण ट्रैकर ऐप में अपलोड करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि वी.एच.एस.एन.डी. सत्र हेतु तख्त, कुर्सी, मेज व पर्दा आदि सामग्री तत्काल क्रय किये जाये। उन्होने कहा कि विकास खंडों में निर्माणाधीन बाल विकास परियोजना कार्यालय के कार्यों पर नियमित रूप से निरीक्षण किया जाये, निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाये, जिन परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका हैं, उन्हें तत्काल हैण्डओवर कराया जाये ताकि उनका सदुपयोग हो सके। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में 09 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर लर्निंग लैब बनाने का कार्य पूर्ण हो चुका है, द्वितीय चरण के अंतर्गत 75 आंगनबाड़ी केंद्रों को कायाकल्प के द्वारा लर्निंग लैब के रूप में बनाया जाना था, जिसमें से 72 केद्रों पर कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष केन्द्रों पर उन्होने सम्बंधित खण्ड विकास अधिकारियों को तत्काल कार्य प्रारंभ कराते हुए कार्य पूर्ण कराये जाने हेतु आदेशित किया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त प्र. चिकित्साधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी हरिओम बाजपेयी ने किया।