माह के अंत तक सभी प्राथमिक विद्यालयों में स्पोर्ट किट की उपलब्धता की जाए सुनिश्चित-जिलाधिकारी।

तहसील, ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स समिति के सदस्य निर्धारित मानक के अनुसार विद्यालयों का प्रतिमाह करें निरीक्षण-अंजनी कुमार।

मैनपुरी(सुवि) जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति, निपुण भारत, मध्यान्ह भोजन, जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की समीक्षा के दौरान नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार निर्देशों के बाद भी जिला, तहसील स्तरीय टास्कफोर्स समिति के सदस्यों द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार विद्यालयों का निरीक्षण नहीं किया जा रहा है, खंड विकास अधिकारी करहल, सहायक विकास अधिकारी किशनी, नायब तहसीलदार घिरोर, कुरावली, सुल्तानगंज, बाल विकास परियोजना अधिकारी बेवर, कुरावली, पूर्ति निरीक्षक बेवर द्वारा माह फरवरी में विद्यालयों के निरीक्षण में कोताही बरती है, वहीं जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति के सदस्यों द्वारा माह फरवरी में निर्धारित लक्ष्य 55 के सापेक्ष 29 निरीक्षण किए गए हैं, समिति के सदस्य जिला विद्यालय निरीक्षक, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए., जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा एक भी विद्यालय का निरीक्षण नहीं किया गया है। उन्होंने संबंधित को सचेत करते हुए कहा कि प्रतिमाह समय से विद्यालयों का निरीक्षण कर आख्या बेसिक शिक्षाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

श्री सिंह ने समीक्षा के दौरान पाया कि अभी निपुण भारत का परिणाम घोषित नहीं हुआ है, निपुण ऑकलन में जनपद के 697 विद्यालयों में से 566 विद्यालयों के छात्र निपुण पाए गए, निपुण ऑकलन में कक्षा-01, 02 के बच्चों को अक्षर ज्ञान की जानकारी को मानक रखा गया है। उन्होने विद्यालयों में पंजीकृत छात्रों के आधार बनने की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुये उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया कि आपस में समन्वय स्थापित कर बच्चों के तत्काल जन्म प्रमाण पत्र जारी कराकर आधार बनवाना सुनिश्चित करें ताकि उन्हें शिक्षा विभाग की योजनाओं का लाभ समय से मिल सके। उन्होने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेशित करते हुये कहा कि विद्यालयों में पंजीकृत छात्र नियमित रूप से विद्यालय आएं, विद्यालयों के शैक्षिक वातावरण में सुधार दिखे, विद्यालय परिसर साफ-सुथरे रहें, छात्रों को मीनू के अनुसार गुणवत्तापरक मध्यान्ह भोजन समय से उपलब्ध कराया जाए, निर्धारित दिवस को फल, दूध सभी छात्रों को मिले, ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जो विद्यालय अभी संतृप्त नहीं हुए हैं, उन्हें खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय से समन्वय स्थापित कर सभी बिंदुओं से संतृप्त कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर, करहल, भोगांव, किशनी, कुरावली, घिरोर, अभिषेक कुमार, नीरज कुमार द्विवेदी, संध्या शर्मा, गोपाल शर्मा, राम नारायण, प्रसून कश्यप के अलावा समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, प्राचार्य डाइट नरेन्द्र पाल सिंह, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रंजना शुक्ला आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका गुप्ता ने किया।