मैनपुरी(सूवि) जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कुं.आर.सी. महिला महा विद्यालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में शामिल नये मतदाताओं को इपिक उपलब्ध कराते हुये कहा कि समृद्ध लोकतंत्रात्मक गणराज्य में राष्ट्रीय एकता अखंडता की मजबूती के साथ सभी नागरिकों को धर्म, भाषा, अभिव्यक्ति की आजादी और सामाजिक न्याय, व्यक्ति की गरिमा को समान स्थान दिया है, संविधान के सभी उद्देश्यों को प्राप्त करने का एकमात्र आधार संसदीय प्रणाली, लोकतंत्र की मजबूती है, देश के संविधान में सभी वयस्क नागरिकों को देश के सभी सदनों में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने हेतु मताधिकार कर सुयोग्य, स्वच्छ छवि वाले जन प्रतिनिधियों को चुनने का अवसर प्रदान किया है, सभी मतदाता प्रत्येक निर्वाचन में भागीदारी कर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होने कहा कि मतदाताओं द्वारा चुने गये जन प्रतिनिधि ही देश को नई दिशा देने के साथ-साथ विकास के पथ पर अग्रसर करते हैं इसलिए प्रत्येक मतदाता को मतदान प्रक्रिया में भागीदारी करनी होगी।
श्री सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं, एन.सी.सी., एन.एस.एस. स्काउट गाइड के बच्चों से कहा कि मतदान के दिन घर में न रहें, आप सब या तो युवा मतदाता हैं, या भविष्य के मतदाता है, इसलिए जिनके पास मतदाता पहचान पत्र है, वह अपने मताधिकार का प्रयोग करें, जो भविष्य के मतदाता हैं, वह अपने समीपवर्ती मतदान केंद्र पर उपस्थित रहकर बुजुर्ग, दिव्यांग महिला मतदाताओं का सहयोग कर लोकतंत्र के उत्सव में शामिल होकर अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विधानसभा सामान्य निर्वाचन में कुछ बूथों को पिंक बूथ के रूप में संचालित किया जायेगा, जिसमें सभी मतदान कार्मिक, पुलिसकर्मी महिला होंगी, बूथ का संचालन महिलाओं द्वारा ही किया जाएगा, इन बूथों से महिलाओं को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज, राष्ट्र, लोकतंत्र की सफलता मे आधी आबादी महिला भागीदार बनें, मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, देश, राष्ट्र को प्रगति के पथ पर ले जाने वाले प्रत्येक कार्य में रुचि पैदा कर अपना योगदान दें, तभी देश, राष्ट्र, लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए विशेष तौर पर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं, गरीब तबके की महिलाओं के बीच जाकर उन्हें मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करना होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी से लेकर अब तक निर्वाचन प्रक्रिया में काफी सुधार हुआ है, मतदाताओं ने भी लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम भागीदारी सुनिश्चित की है लेकिन अभी इसमें और सुधार की गुंजाइश है, लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना होगा। उन्होने कार्यक्रम में उपस्थित जिला विद्यालय निरीक्षक, स्वीप को-ऑर्डिनेटर सेे कहा कि जनपद में बच्चों ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बेहतर तैयारी की है, इन बच्चों के हुनर, प्रतिभा का लाभ मतदाताओं को भी मिले, इसके लिए बच्चों से भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में स्वीप आधारित कार्यक्रम आयोजित कराकर मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित कराया जाए, इनकी प्रतिभा विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों तक ही सीमित न रहे बल्कि उसका फायदा निर्वाचन प्रक्रिया में भाग न लेने वाले मतदाताओं को जागरूक कर मताधिकार कराने में लिया जाये।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पहली बार मतदाता बने कु. संध्या शाक्य, कुं. दीपमाला, अंजली, तनीशा शर्मा, कुं. सुजाता, कुं. सलोनी, रत्नेश को नया फोटोयुक्त पहचान पत्र उपलब्ध कराये, कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं, अन्य लोगों को निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने हेतु शपथ दिलायी। जनपद के स्वीप आईकॉन बलराम श्रीवास्तव, दिव्यांग दमन यादव, प्रियांशु ने मतदाताओं को जागरूक करने हेतु काव्य पाठ, भाषण एवं प्राची ने स्वीप आधारित लोकगीत प्रस्तुत किया, कुं. आर.सी. महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना तथा कुं. आर.सी. इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किये, छात्राओं ने मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बेहद खूबसूरत रंगोली भी बनाई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय, उप जिला अधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, स्वीप को-ऑर्डिनेटर डॉ. शैफाली यादव, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन डा. अलका पाठक ने किया।