मैनपुरी(सुवि) गाँव  की समस्या-गांव में समाधान के अंतर्गत विकासखंड जागीर के ग्राम एलाऊ में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र, आवास की चाबी, गोल्डन कार्ड उपलब्ध कराने के उपरांत आयुक्त आगरा मंडल आगरा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों का आव्हान करते हुए कहा कि अपने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें यदि आपके बच्चे शिक्षित-स्वस्थ होंगे तो जीवन में उन्नति करेंगे, अपने परिवार, समाज, प्रदेश, देश के विकास में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार गांव के ऐसे वंचित व्यक्तियों जिन्हें अभी पात्र होने के बावजूद भी कुछ योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, उन्हें जीरो पॉवर्टी के अंतर्गत चिन्हित कर योजनाओं में लाभान्वित कराए जाने की प्रक्रिया संचालित है, नागरिकों की बेहतरी के लिए तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित है, स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत प्रत्येक घर में शौचालय का निर्माण कराकर गांव-गांव को खुले में शौच की कुप्रथा से मुक्त कराने का कार्य हुआ, ग्रामीणों को नल के माध्यम से स्वच्छ जल की आपूर्ति हेतु जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव-गांव पानी की टंकियों का निर्माण कराकर हर घर तक पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराई गई, बच्चों की शिक्षा के लिए गांव-गांव प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निर्माण हुआ, महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार करने और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह का गठन कर उन्हें रोजगार से जोड़ने का कार्य हुआ, आज गांव की महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपने परिवार को खुशहाल बनाने का कार्य कर रही है।

मंडलायुक्त ने उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि अपने साथ अपने परिवार की महिलाओं, बच्चों विशेष कर गर्भवती महिलाओं की सेहत के लिए खान-पान पर विशेष ध्यान दें, हरी सब्जियों के साथ मौसमी फलों का सेवन करें, गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिलाओं को नियमित टीके लगवाएं, उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच करायें, संस्थागत प्रसव करायें साथ ही पैदा होने वाले बच्चों को सभी टीके लगवाकर जानलेवा बीमारियों से प्रतिरक्षित करें, गांव के ऐसे व्यक्तियों जिन्हें अभी किसी योजना में लाभान्वित नहीं किया गया है, को संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने में योगदान दें, गांव की समृद्धि-विकास में अपनी भूमिका अदा करें। उन्होने ग्रामीणों से संवाद कर प्रदान की जा रही शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक लेते हुये कहा कि विभिन्न विभाग में संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कर उसका लाभ प्राप्त करें। उन्होने जानकारी करने पर पाया कि गांव में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत 23 समूह गठित है, सभी समूह क्रियाशील है। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुये समूह संचालन के बारे में जानकारी करने पर महिलाओं ने बताया कि समूह से जुड़ने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि गांव में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 02, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 06 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है, स्वच्छ पेयजल हेतु 86 हेडपंप स्थापित है, सभी हेडपंप चालू दशा में है। ग्राम में 113 पात्रों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय योजना, 106 पात्रों को निराश्रित महिला पेंशन, 42 पात्रों को दिव्यांग एवं 245 को वृद्धावस्था पेंशन योजना में लाभान्वित किया जा रहा है, 729 लोगों के गोल्डन कार्ड बनाये गये हैं।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि जनपद के लोग बहुत ही मिलनसार, अच्छे व्यक्तित्व के हैं, लेकिन छोटे-छोटेे भूमि सम्बन्धी झगड़ों के कारण तमाम समस्याएं उत्पन्न हैं। उन्होने ग्राम एलाऊ के निवासियों का आव्हान करते हुये कहा कि अपने गांव को जनपद का सबसे विकसित गांव बनाने के लिए आपसी झगड़ों को गांव के सम्भ्रांत व्यक्तियों के बीच बैठकर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निबटाएं, इससे जहां एक ओर आपस में सौहार्द बढ़ेगा वहीं दूसरी ओर समय, धन की बर्बादी से निजात मिलेगी। उन्होने कहा कि एक व्यक्ति जब मुकद्दमे के जंजाल में फंसता है तो तहसील से लेकर राजस्व परिषद, न्यायालय, उच्च न्यायालय तक चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे दोनों पक्षों को हानि का सामना करना पड़ता है।

मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि ग्रामीण शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कर उसका लाभ लें यदि कहीं कोई समस्या हो तो किसी भी कार्यदिवस में पूर्वान्ह 10 बजे से 12 बजे तक विकास भवन आकर अपनी समस्या का निदान करायें, शासन की संचालित लाभार्थीपरक, जन कल्याणकारी योजना का लाभ पात्र होने की दशा में अवश्य मिलेगा। मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त एनआरएलएम, उपायुक्त मनरेगा, जिला कृषि अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अपने-अपने विभाग की संचालित योजनाओं के बारे में उपस्थित ग्रामीणों को जानकारी दी।

मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत राजेश्वरी देवी, ममता देवी, किशोरी देवी को गोल्डन कार्ड, अभय सिंह, पिंकी, हर्षवर्धन, ज्ञानेश्वर सिंह को टैबलेट, निःशुल्क बीज वितरण योजना के अंतर्गत सुल्तान सिंह, गंधर्व सिंह, महेश, योगेश कुमार, सत्यपाल को मिनी मक्का बीज किट, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत गुड्डी देवी, धनदेवी, अल्का, दिलीप को आवास की चाबी, महिला उत्थान एवं सशक्तीकरण के अंतर्गत 05 स्वयं सहायता समूह को रू. 06-06 लाख की सी.सी.एल, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत शिवम, रवि यादव को रू. 01-01 लाख के स्वीकृति पत्र, बाबा साहब भीमराह अम्बेडकर योजनान्तर्गत मो. शाकिर को रू. 02 लाख का ऋण स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराये वहीं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की अन्नप्रासन्न योजना अन्तर्गत अपने कर-कमलों से 06 माह की आयु पूर्ण कर चुकी काव्या, जूली, राधिका, पृथ्वी, अनाया को ऊपरी आहार खिलाया, गर्भवती उपासना, नीलम, राधा, वविता, रौली, शिवानी, प्रीती को पोषाहार किट प्रदान की।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी भोगांव संध्या शर्मा, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पांडेय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा ब्लॉक प्रमुख जागीर मनेष चौहान, ग्राम प्रधान विपिन कुमार पाल आदि उपस्थित रहे।