लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले, पात्रों के चयन में बरती जाये पूरी पारदर्शिता- जिलाधिकारी।

मैनपुरी(सुवि)संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील कुरावली में जन शिकायतें सुनने के दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख जब जुन्हैसा नि. रेखा, नगला सुम्मेर नि. प्रमिला एवं साधना देवी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से बताया कि पात्र होने के बावजूद उनके बच्चों को उ.प्र. मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, शिकायतकर्ताओं ने अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से बताया कि कई बार प्रोबेशन कार्यालय के चक्कर भी लगाए लेकिन प्रोबेशन कार्यालय द्वारा कोई सहयोग नहीं किया गया, 02-03 बार तो कार्यालय में कोई भी कर्मी उपस्थित नहीं मिला, जिस पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल जिला प्रोबेशन अधिकारी से जानकारी करना चाही लेकिन वह संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद नहीं थे, जिस पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से जिला प्रोबेशन अधिकारी का वेतन रोके जाने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की जन-कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले, संबंधित विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें कि योजना का लाभ पाने के लिए प्राप्त आवेदन किसी भी स्तर पर लंबित न रहें, संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान आवेदन पत्रों पर औपचारिकताएं पूर्ण कराकर तत्काल पात्र होने की दशा में योजना में लाभान्वित कराना सुनिश्चित करे।
श्री सिंह ने कहा कि अनाधिकृत कब्जों के प्रकरण में राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर समस्या का निदान कराएं, दोनों पक्षों की मौजूदगी में अनाधिकृत कब्जा हटवाकर पात्र व्यक्ति को कब्जा दिलाया जाए, गरीब, कमजोर व्यक्ति की भूमि पर भी कोई दबंग काबिज न रहे, भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करने वालों विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाये, अधिकारी जन शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में करें, निस्तारण में गुणवत्तापरक का विशेष ध्यान रखा जाये, शिकायत के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता करने व उसके संतुष्ट होने के उपरांत ही निस्तारण आख्या अपलोड की जाये, जिन शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण संभव न हो तो टिप्पणी अंकित कर वापस की जाये, किसी भी दशा में शिकायती प्रार्थना पत्र को कार्यालय में लंबित न रखा जाये।
आज आयोजित सम्पूंर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील कुरावली में 30 शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी के सम्मुख शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से अपनी व्यथा दर्ज करायी, जिसमें से 04 शिकायतों का मौके पर निराकरण कर तत्काल फरियादी को राहत प्रदान की, शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिये। ग्राम देवकली नि. रामवती ने गाटा संख्या-55 पर स्थगन आदेश के बावजूद भी शिवनंदन द्वारा निर्माण कार्य किये जाने, ग्राम शरीफपुर नि श्रीकृष्ण ने चक्की कनेक्शन संख्या 1101/006988 को कटवाने, ग्राम सिगरपुर नि. सुभाष चन्द्र ने चकरोड पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाये जाने, ग्राम मिढावली कलां नि. केशव कुमार ने पक्की पैमाइश के बाद भी पैमाइश की रिपोर्ट तहसील में जमा न किये जाने, ग्राम चंदई नि. गुड्डी देवी ने भूमि पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, जीटी रोड पुराने बस स्टैंड कुरावली नि. रजनेश वर्मा, मयंक गुप्ता, रितिक भटनागर, रिंकू गुप्ता, सुनील गुप्ता, गुड्डन ने देशी शराब की दुकान को अन्य स्थान पर शिफ्ट कराये जाने की मांग अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की जिन्हें सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर निस्तारण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी आर.एन. वर्मा, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सतेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक नरेंद्र त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, अग्रणी जिला प्रबंधक रामचंद्र शाहा, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह, अधिशाषी अभियंता जल निगम अंकित यादव, जिला रोजगार सहायता अधिकारी विकास मिश्रा सहित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



