??????


मैनपुरी(सूवि)जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, तहसीलदारों, रेलवे, परिवहन, डाक, सहकारी, पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि विधान सभा सामान्य निर्वाचन की अधिसूचना जारी होते ही आदर्श आदर्श संहिता लागू हो चुकी है, सभी लोग निर्धारित आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करायें, अपने-अपने कार्यालय परिसर, विभाग की भूमि कहीं पर भी किसी भी दल, पार्टी का झंडा, बैनर, पोस्टर, होर्डिंग, वॉल राइटिंग लगा हो तो उसे तत्काल हटवाना सुनिश्चित करें, किसी भी सरकारी भवन, परिसर में आज के बाद प्रचार सामिग्री लगी न रहे। उन्होने जिला पूर्ति अधिकारी को आदेशित करते हुये कहा कि राशन की दुकानों पर लगे फ्लैक्स, स्टेण्डी आदि को तत्काल हटवायें यदि किसी राशन डीलर के पास प्रचार युक्त झोले उपलब्ध हों तो उन्हें भी वापिस मंगाया जाये, कोई भी कोटेदार फोटोयुक्त झोले, रैपर आदि में राशन का वितरण न करे, सुनिश्चित किया जाये।
श्री सिंह ने अधिशाषी अभियंता विद्युत, जल निगम से कहा कि किसी भी विद्युत पोल, विद्युत सब केन्द्र, ओवर हैड टैंक, ट्यूबेल आदि पर कोई प्रचार सामिग्री लगी हो तो उसे तत्काल हटवायें, रेलवे, डाक विभाग के अधिकारी भी अपने-अपने कार्यालयों, विभाग की सम्पत्ति पर किसी प्रकार की प्रचार सामिग्री न लगने दें यदि कहीं पूर्व से लगी हो तो उसे हटवाना सुनिश्चित करें। उन्होने अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय, ए.एम.ए. जिला पंचायत से कहा कि विभाग के किसी भी भवन, सम्पत्ति, वाहन आदि पर कोई प्रचार सामिग्री प्रदर्शित न हो, सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों, कार्यालय भवनों पर आदर्श आचार संहिता का पालन कड़ाई से सुनिश्चित करायें। उन्होने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी भी आदर्श आचार संहिता का पालन करें, पूरी तरह निष्पक्ष रहकर विधान सभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने, सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन निष्ठा के साथ करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधान सभा सामान्य निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, त्रुटिरहित व शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने हेतु तैनात किये गये प्रभारी, सह प्रभारी अधिकारियों को आदेशित करते हुये कहा कि जिस अधिकारी को जो जिम्मेदारी सौंपी गयी है, उसका निर्वहन भलिभांति करें अपने कार्यों, दायित्वों के प्रति सजग रहें। उन्होने रिटर्निंग अधिकारियों, प्रभारी अधिकारियों से कहा कि आज से लेकर 21 फरवरी तक प्रतिदिन के कार्यों की चैकलिस्ट बना लें, प्राथमिकता वाले कार्यों को चिन्हित कर जिस दिन जो कार्य होना है, उसी तिथि को किया जाये, इस कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही अक्षम्य होगी। उन्होनें कहा कि विधान सभा क्षेत्र मैनपुरी, भोगांव, करहल, किशनी की नामांकन प्रक्रिया कलेक्ट्रेट परिसर में होनी है, इसलिए सम्बन्धित अधिकारी सभी तैयारियां नामांकन से पूर्व पूरी कर लें, सभी नामांकन कक्षों पर विधान सभा क्षेत्र का नाम, नम्बर तत्काल लिखवाया जाये।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम जी मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक गणेश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पी.पी. सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्यामलाल जायसवाल, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. के.के. सिंह, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीके. मिश्रा, जिला विकास अधिकारी प्रवीन कुमार राय, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।