
??????
मैनपुरी (सूवि)मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑनलाइन स्वरोजगार संगम कार्यक्रम के तहत वर्चुअल समिट के माध्यम से प्रदेश के 05 लाख 06 हजार 995 व्यक्तियों को रू. 4313 करोड़, 58 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूलकिट प्रदान करते हुए कहा कि विभिन्न लाभार्थी परियोजनाओं में बैंकों से लोगों को सस्ती ब्याज दर, सब्सिटी देकर ऋण उपलब्ध कराया है, प्रदेश में पहले नौजवान सरकारी नौकरी पाने की दौड़ में शामिल होता था लेकिन आज अपना स्वरोजगार स्थापित कर अन्य लोगों को रोजगार देकर बेरोजगार नौजवानों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार में किसी एक व्यक्ति को रोजगार मिलने से सिर्फ उस व्यक्ति का ही भला नहीं होता बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति मे सुधार होता है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग ने लघु उद्यम, एमएसएमई के अंतर्गत कुटीर उद्यमों को स्थापित कराकर प्रदेश में बड़ी संख्या में नौजवानों को रोजगार के अवसर मुहैया कराये है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद किसी न किसी उद्योग के नाम से विख्यात था, प्रदेश सरकार ने उन्हीं प्रचलित उद्योगों को एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत चयनित कर उसे बढ़ावा देने के साथ-साथ अन्य लोगों को ऋण उपलब्ध कराकर व्यवसाय में बढ़ोतरी करने, उत्पादित सामान की बिक्री करने की दिशा में कार्य किया।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने एनआईसी में वर्चुअल संवाद के उपरांत एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत हिमालय गुप्ता को जरी-दरदोजी, वस्त्र सिलाई-कढ़ाई हेतु रू. 25 लाख, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत बृजकिशोर को शटरिंग कार्य हेतु रू. 10 लाख, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत सविता चंदेल को ऑयल उद्योग हेतु 10 लाख रु. के ऋण स्वीकृति पत्र एवं एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत विश्वकर्मा श्रम-सम्मान योजना के अंतर्गत ममता राठौर को तारकशी, हस्तशिल्प हेतु एवं कृष्णा देवी को दर्जी ट्रेड हेतु टूलकिट मुहैया कराते हुए कहा कि आप सब नई उमंग, ऊर्जा के साथ अपने कारोबार को स्थापित करें, जी-जान से मेहनत कर अपने उद्यम को बढ़ाने की दिशा में कार्य करें, समय से उपलब्ध कराए गये ऋण की किस्त अदा करें। उन्होने लाभार्थियों से संवाद करते हुये कहा कि निःशुल्क उपलब्ध करायी गयी टूलकिट आपके उद्यम को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी।
उपायुक्त उद्योग मोहम्मद सऊद ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत वार्षिक लक्ष्य 80 के सापेक्ष 225 आवेदन पत्र विभिन्न बैंकों को प्रेषित किए गए जिसमें से 70 प्रार्थना पत्र स्वीकृत कर 30 पर ऋण वितरण किया गया जबकि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में वार्षिक लक्ष्य 57 के सापेक्ष 140 आवेदन पत्र प्रेषित किए गए जिसमें से 44 आवेदन पत्र स्वीकृत कर 30 पर ऋण वितरण किया गया, एक जनपद-एक उत्पाद योजना में 40 वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 108 आवेदन पत्र प्रेषित किए गए जिसमें से 38 को स्वीकृत कर 22 पर ऋण वितरण किया गया। इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल प्रकाश तिवारी, लाभार्थी आदि उपस्थित रहे।




Excellent
Comments are closed.