मैनपुरी (सूवि) जिला निर्वाचन अधिकारी अनिवाश कृष्ण सिंह ने ए.एम.एफ. हेतु तैनात किये गये सैक्टर अधिकारियों से साथ आयोजित बैठक में कहा कि सभी बूथों पर बाहरी एवं आन्तरिक बिजली, पीने के पानी, बाउण्ड्रीवॉल, शौचालय, बूथों पर आने जाने हेतु 02 दरवाजे, रैम्प, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होने सैक्टर अधिकारियों को हिदायत देते हुये कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा अभी तक अपने बूथों का भ्रमण कर कमियों को नहीं देखा है, वह तत्काल भ्रमण कर निर्धारित बिन्दुओं पर रिपोर्ट उपलब्ध कराये, यदि मतदान के दिन किसी बूथ पर कोई कमी पायी गयी तो सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही होगी, निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार का लचीलापन क्षम्य नहीं होगा, किसी अधिकारी की गलत सूचना पर निर्वाचन पर विघ्न न पड़े यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होने कहा कि सुनिश्चित किया जाये कि प्रत्येक बूथ पर शौचालयों के दरवाजों में सिटकनी हो, प्रत्येक शौचालय साफ-सुथरा हों, उनमें पानी की समुचित व्यवस्था रहे, कहीं भी हैडपंपों में गंदा पानी न मिले, बूथों पर प्रत्येक छोटी-मोटी कमियों को दूर किया जाये, मूलभूत सुविधाओं हेतु समस्त मानकों को पूर्ण किया जाये, अच्छे-अच्छे, बड़े, हवादार हॉल, कमरों को ही बूथ बनाया जाये।
श्री सिंह ने कहा कि सैक्टर अधिकारियों द्वारा निरीक्षण में जिन बूथों पर जो कमियां सामने आयीं हों, उन कमियों को सम्बन्धित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समय से पूर्ण करायें। उन्होंने कहा कि अधिकतर बूथों पर बेवकास्टिंग के दृष्टिगत आन्तरिक वॉयरिंग के साथ-साथ बाहरी बिजली की व्यवस्था होना अति आवश्यक है, बेवकास्टिंग में किसी भी प्रकार का व्यवधान होने पर सम्बन्धित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी। उन्होने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह विभागीय स्तर से समस्त बूथों पर बाहरी बिजली व्यवस्था का निरीक्षण कर तत्काल ठीक करायें। उन्होने सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन-जिन विद्यालयों में इंटरनल वॉयरिंग नहीं है या वॉयरिंग खराब स्थिति में है तो बेसिक शिक्षाधिकारी एवं सम्बन्धित एबीएसए को रिपोर्ट उपलब्ध कराकर ठीक करायें, आन्तरिक वायरिंग न होने के दशा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सम्बन्धित एबीएसए जिम्मेदार होगें। वाउण्ड्रीबाल, रैम्प, शौचालय की मरम्मत हेतु सम्बन्धित खंड विकास अधिकारियों, एबीएसए के माध्यम से ठीक कराया जाये, जिन बूथों पर सम्पर्क मार्ग ठीक नहीं हैं, वहां जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी के माध्यम से सम्पर्क मार्ग ठीक कराये जायें। उन्होने कहा कि जहां-जहां हैडपंप रिबोर योग्य है, उन हैडपंपों को प्राथमिकता पर रिबोर कराया जाये, किसी भी हैडपंप के पानी में बालू न आये यह सुनिश्चित किया जाये, जल निगम को बूथों की सूची भेजकर हैडपंप की स्थिति की जानकारी भी की जाये।
जिलाधिकारी ने बैठक से अनुपस्थित वाणिज्य कर अधिकारी दुर्गेश कुमार सोलंकी, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी गोविन्द जी, जिला कृषि अधिकारी सूर्यप्रताप सिंह का वेतन रोके जाने, स्पष्टीकरण प्राप्त किये जाने, बरनाहल क्षेत्र के 02 हैडपंप खराब होने की जानकारी न होने एवं सम्बन्धित एबीएसए का वेतन रोके जाने, स्पष्टीकरण किये जाने, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को उक्त खराब हैडपंप की जानकारी न होने पर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिये। उन्होने अपर जिलाधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी को आदेशित किया कि जहां-जहां जो भी कमियां पायी गयी हैं, उन्हें अपने स्तर से भी सम्बन्धित अधिकारियों को पत्राचार कर दूर कराया जाये।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, परियोजना निदेशक डीआरडीए के.के. मिश्र, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, सैक्टर अधिकारी आदि उपस्थित रहे।




