मैनपुरी(सूवि) आयुक्त आगरा मंडल आगरा अमित गुप्ता ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर में जन शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि जहां भी ग्राम सभा, तालाब की भूमि पर अनाधिकृत कब्जे हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए, कहीं भी सार्वजनिक भूमि, चकरोड, विद्यालय की भूमि पर अवैध कब्जा न रहे, विवादित भूमि की पैमाइश पुलिस की मौजूदगी में की जाए। उन्होंने कहा कि आज समाधान दिवस में पट्टे की भूमि की पैमाइश से संबंधित कई प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए हैं, सम्बन्धितत लेखपाल मौके पर जाकर पट्टे की भूमि की पैमाइश करें, यदि पट्टे की भूमि पर किसी के द्वारा अनाधिकृत कब्जा किया गया हो तो तत्काल हटाकर आवंटित पट्टेदार को पट्टे पर काबिज कराएं यदि मौके पर भूमि का रकवा कम हो तो पट्टेदारों को बराबर-बराबर भूमि पर काबिज कराया जाए, सभी पट्टेदार अपने-अपने पट्टो पर काबिज रहें, क्षेत्रीय लेखपाल सुनिश्चित करें।
मंडलायुक्त ने संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता कई फरियादियों से फोन कराकर परखी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानकर करें, यथासंभव मौके पर जाकर समस्या का निदान कराएं, शिकायतकर्ता से वार्ता करें, कोई भी शिकायती प्रार्थना पत्र अपने कार्यालय में अकारण लंबित न रखें यदि किसी समस्या का समाधान संभव न हो तो उस पर विस्तृत आख्या दर्ज कर वापस करें। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण में अधीनस्थों पर निर्भर न रहें बल्कि स्वयं संज्ञान लेकर कार्य करें, संतुष्ट होने के उपरांत ही निस्तारण आख्या उपलब्ध करायें।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जन शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि जन शिकायतों के निराकरण के प्रति अधिकारी संवेदनशील रहें, जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुने और यथासंभव उनका प्रभावी निराकरण किया जाए ताकि जनता का विश्वास इस दिवस पर बना रहे। जन समस्याएं सुनने के दौरान महटौली निवासिनी आकांक्षा ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि बार-बार संपर्क करने के बाद भी सचिव द्वारा परिवार रजिस्टर की नकल जारी नहीं की जा रही है, जिस पर उन्होंने मौके पर उपस्थित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि आधे घंटे के भीतर संबंधित सचिव को बुलाकर शिकायतकर्ता को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी ने तत्काल कार्यवाही पूर्ण कर शिकायतकर्ता आकांक्षा को संपूर्ण समाधान दिवस में ही जिलाधिकारी हाथों परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराकर शिकायतकर्ता को राहत प्रदान की।
आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर नगला रठा नि. क्षेत्रपाल सिंह ने भू-माफिया द्वारा सिंचाई नाली गाटा संख्या-474, ग्रामसभा संपत्ति गाटा संख्या-475 पर अनाधिकृत कब्जा करने, साहिबाबाद नि. शिवदयाल सिंह ने पक्की मेड़बंदी कराए जाने, रामनगर निवासी राम रतन ने गाटा संख्या-863 की पैमाइश कराये जाने, मधन निवासी नीरज ने असंक्रमणीय भूमि की पैमाइश कराने बढ़ापुर निवासी रामवीर सिंह ने सार्वजनिक रास्ता गाटा संख्या-2132 से अनाधिकृत कब्जा हटवाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होंने संबंधित को तत्काल प्रभावी कार्रवाई का समस्याओं का निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय, संयुक्त विकास आयुक्त शशि मौली मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी. पी. सिंह, परियोजना निदेशक के.के. सिंह, उप निदेशक कृषि डी.वी. सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, विद्युत, नहर, सिंचाई, नलकूप, उप जिलाधिकारी घिरोर मानसिंह पुंडीर सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।