मैनपुरी (सूवि)आयुक्त आगरा मंडल आगरा अमित गुप्ता ने विकासखंड घिरोर के गांव लपगवां का भ्रमण कर ग्रामीण से संवाद करते हुए कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए प्रत्येक लक्षित व्यक्ति तत्काल टीकाकरण कराकर प्रतिरक्षित हों, सभी लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें, स्वयं भी सुरक्षित रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने जानकारी करने पर पाया कि गांव में लक्षित 937 व्यक्तियों के सापेक्ष 842 लोगों को प्रथम डोज एवं 334 व्यक्तियों को टीके की दोनों डोज लग चुकी हैं, इस पर उन्होंने मौके पर उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, टीकाकरण टीम के सदस्यों से कहा कि अवशेष पात्रों का तत्काल टीकाकरण कर गांव को शत-प्रतिशत प्रतिरक्षित करें, जिन लोगों ने अभी तक पहली डोज नहीं लगवाई है, उन्हें प्रेरित कर जल्द से जल्द उनका टीकाकरण कराये।
मंडलायुक्त ने गांव के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए विद्यालय के शिक्षकों से कहा कि विद्यालय के शैक्षिक वातावरण में सुधार करें, विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों का भविष्य आपके ऊपर निर्भर है, आप बच्चों के साथ जितनी मेहनत करेंगे, बच्चे जीवन में उतनी ही सफलता पाएंगे। उन्होंने विद्यालय के बच्चों से संवाद करते हुए मध्यान्ह भोजन की जानकारी ली, छात्रों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन मानक के अनुसार निर्धारित मीनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, आज मध्यान्ह भोजन में दाल-चावल बच्चों को परोसा जा रहा था। जानकारी करने पर पाया कि विद्यालय में पंजीकृत 70 छात्रों के सापेक्ष 58 छात्र मौके पर उपस्थित मिले, कक्षा- 01 में 08 के सापेक्ष 06, कक्षा 02 में 10 के सापेक्ष 10, कक्षा 03 में 17 के सापेक्ष 13, कक्षा 04 में 14 के सापेक्ष 13 एवं कक्षा 05 में 21 के सापेक्ष 16 बच्चे उपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त विकास आयुक्त शशि मौली मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, उप निदेशक सांख्यिकी नवीन चतुर्वेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन आदि उपस्थित रहे।






Good
Comments are closed.