मैनपुरी (सूवि)पेंशनर्स दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय ने वायोवृद्ध पेंशनर्स राजेश सक्सेना, कृष्णानंद दुबे, राम किशन गुप्ता, राम शंकर गोला, राजेंद्र प्रसाद मिश्र, उषा त्रिपाठी को सम्मानित किया। पेंशनर्स दिवस के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि कलेक्ट्रेट सभागार आज जनपद के सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिकों से भरा हुआ है, यह सभी लोग सरकारी सेवा से निवृत्त होकर जीवन-यापन कर रहे हैं, पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान सर्वाेच्च प्राथमिकता पर करना प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी का दायित्व है। उन्होंने उपस्थित पेंशनर्स का आह्वान करते हुए कहा कि आप सब अपने अनुभव का लाभ परिवार, समाज को सही राह दिखाने में दें, जीवन के इस स्वर्णिम समय का सदुपयोग तपस्या और सेवा के रूप में व्यय करें, ईश्वरी ज्ञान को अपने जीवन में समेटें। उन्होंने कहा कि उम्र के बढ़ते पड़ाव में स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है, बीमारी से ग्रसित होने पर चिंता न करें, मानव शरीर में बदलाव स्वाभाविक स्वरूप है, शरीर के बीमार होने पर आत्मा को बीमार न बनाएं, आत्मा हमेशा पूर्ण रूप से स्वस्थ रहती है।
श्री सिंह ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, उन्नति, सुख की कामना करते हुए कहा कि यदि किसी भी पेंशनर्स को कोई समस्या हो तो किसी भी कार्य दिवस में आकर संज्ञान में लाएं, पेंशनर्स की समस्याओं का तत्काल निदान कराया जाएगा। उन्होने कहा कि पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान करना संबंधित विभाग के अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है, सेवानिवृत्त कर्मचारी को समय से उनके देयों का भुगतान सुनिश्चित किया जाये, यदि किसी भी विभाग में पेंशन प्रकरण लंबित मिले, यदि कहीं पेंशनर्स का शोषण किया गया तो सम्बन्धित के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही होगी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय ने कहा कि आप सब राजकीय सेवा में रहे और अपने कार्यकाल के दौरान लोगों की सेवा की, सेवानिवृत्त होने पर हम सबका दायित्व है कि आपकी समस्या का तत्काल निदान हो, इसके लिए पुलिस विभाग में पेंशनर्स कक्ष की जल्द ही स्थापना की जा रही है, पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में पेंशनर्स हैं, पेंशन कक्ष के स्थापित होने से उनके समस्याओं के साथ-साथ समय-समय पर मिलने वाले क्लेम के भुगतान में आसानी होगी।
वरिष्ठ कोषाधिकारी श्यामलाल जायसवाल ने पेंशनर्स की समस्याओं, सुझावों को सुनते हुए कहा कि 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनर्स से आयु संबंधी प्रमाण पत्र की मांग कोषागार द्वारा नहीं की जाती सिर्फ उनसे एक प्रमाण पत्र लिया जाता है, 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनर्स से प्रमाण पत्र लेने के बाद 20 प्रतिशत पेंशन पेंशन में बढ़ोतरी कर दी जाती है, फैमिली पेंशन के प्रकरण में नियमानुसार औपचारिकताएं पूर्ण कराकर पेंशन जारी की जा रही है, जीवित प्रमाण पत्र हेतु ऑनलाइन व्यवस्था है, सभी पेंशनर्स जागरूक हों, जीवित प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा करें। उन्होने उपस्थित सभी पेंन्शनर्स को आश्वस्त किया कि कोषागार से किसी भी पेंन्शनर्स को कोई समस्या नहीं आने दी जायेगी,पंेन्शनर्स की समस्याओ का सर्वोच्च प्राथमिकता पर निराकरण होगा।
पेंशनर्स दिवस के अवसर पर विजय बहादुर त्रिपाठी, कृष्णानंद दुबे, राजेन्द्र सिंह यादव आदि ने पेंशनर्स को आने वाली कठिनाईयों, उनके निदान कराये जाने को कहा, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी पेंशनर्स को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता पर निदान होगा। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक अभियोजन डी.के. मिश्रा, विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्ष, पेन्शनर्स संगठनों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन रमेश चंद्र पांडे ने किया।