मैनपुरी(सूवि) 07 दिसम्बर, 2021- शासन के निर्देशानुसार 13 दिसंबर तक संचालित होने वाले विशेष सफाई अभियान का सभी अधिशासी अधिकारी अपनी-अपनी नगर निकाय मे रोस्टर तैयार कराकर युद्धस्तर पर सफाई का कार्य कराएं, प्रत्येक सफाईकर्मी अभियान के दौरान उपस्थित रहकर सफाई का कार्य करें, कार्यस्थल पर सफाई कर्मियों की उपस्थिति दर्ज कराई जाए, सफाई के तत्काल बाद कूड़े का उठान कराया जाए, किसी भी नगर निकाय के मुख्य मार्ग, सड़क के किनारे कूड़े के ढेर दिखाई न दें, कूड़ा चिन्हित डंपिंग ग्राउंड पर ही गड्ढा खोदकर डाला जाए यदि विशेष सफाई अभियान के बाद कहीं भी मुख्य मार्गों के आसपास कूड़े के ढेर, प्लास्टिक आदि पड़े मिले तो संबंधित अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर प्रभावी कार्यवाही होगी, उप जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी विशेष सफाई अभियान के दौरान स्वयं अपने-अपने क्षेत्र में सफाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण करें। आबकारी, परिवहन, वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी प्रवर्तन कार्य बढ़ाएं, किसी भी दशा में ओवरलोडिंग, डग्गेमारी, अवैध वाहनों का संचालन न हो, कहीं भी अवैध शराब की बिक्री न हो, अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कर-करेत्तर, राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने बैठक से अनुपस्थित खनन निरीक्षक का तत्काल प्रभाव से वेतन रोके जाने, स्पष्टीकरण प्राप्त करने, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी का भी स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होने समीक्षा के दौरान जलकर, गृहकर राजस्व की वसूली में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष खराब प्रगति पाए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिशाषी अधिकारियों से कहा कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली कराना सुनिश्चित करें, जलकर, गृहकर के बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी किए जाएं। उन्होने विभागवार वसूली की समीक्षा करने पर वाणिज्य कर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, विद्युत, अलोह खनन, नगर निकाय की वसूली की प्रगति खराब पायी, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि वित्तीय वर्ष के शेष माह में कार्ययोजना तैयार कर शत-प्रतिशत वसूली करना सुनिश्चित करें।
श्री सिंह ने वाणिज्यकर की समीक्षा के दौरान पाया कि 5632.78 लाख के सापेक्ष अब तक 2915.57 लाख की वसूली की गयी, विभाग द्वारा प्रवर्तन कार्य में 512 वाहनों की चैकिंग कर 25 डिफॉल्टर वाहनों से 19 लाख 50 हजार की वसूली की गयी, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन में 13355 लाख के सापेक्ष 5752.55 लाख, विद्युत देय में 36866 के सापेक्ष 13037 लाख की वसूली की गयी, विद्युत विभाग द्वारा विद्युत चोरी रोकने के लिए चलाये गये अभियान में 01 अपै्रल से 03 नवम्बर तक 1888 व्यक्तियों के विरूद्ध विद्युत चोरी के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी और 137 लाख रू. की वसूली की गयी। उन्होने परिवहन, आबकारी, मुख्य देय, विविध देय, अलोह खनन, कृषि विपणन, विधिक माप विज्ञान आदि की वसूली की गहन समीक्षा करते हुये सम्बन्धित अधिकारियेां को निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति करने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक गणेश सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन. मौर्य, उप जिलाधिकारी सदर, करहल, घिरोर, किशनी, कुरावली, वीरेन्द्र कुमार मित्तल, राम नारायण, मान सिंह पुण्डीर, जय प्रकाश, नरेन्द्र सिंह यादव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सनिल द्विवेदी, प्रशासनिक अधिकारी हरेन्द्र कुमार, जिला आबकारी अधिकारी, समस्त तहसीलदार, अन्य सम्बन्धित अधिकारी, विभिन्न अनुभाग प्रभारी आदि उपस्थित रहे।